अंता. बैठक में पुरस्कार लेते एनटीपीसी के अधिकारी।
अंता| नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति की छह माही समीक्षा बैठक मंडल रेल प्रबंधक उपेंद्रचंद्र जोशी की अध्यक्षता में एनटीपीसी के सभागार में हुई। बैठक में एनटीपीसी के महाप्रबंधक देबोज्योति नंदी ने राजभाषा के क्षेत्र में एनटीपीसी की ओर से किए जा रहे कार्यों से समिति को अवगत कराया। इस अवसर पर एनटीपीसी एवं अंता के बारे में पावर पाइंट प्रस्तुतिकरण मीनाक्षी शर्मा प्रबंधक (तकनीकी सेवाएं) ने दी। बैठक में अपर मंडल रेल प्रबंधक विनीत पांडे भी उपस्थित थे। समिति के सदस्य सचिव महेश चंद्र ने सदस्यों का परिचय कराया। समिति अध्यक्ष ने कार्यालयों को ज्यादा से ज्यादा हिंदी में काम करने के लिए प्रयास करने की बात कही। कार्य करने में परेशानी होने पर नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति से मदद ली जा सकती है। बैठक के दौरान समिति की ओर से निबंध एवं टिप्पणी आलेखन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। वहीं पहली बार सदस्य कार्यालयों की आेर से प्रकाशित राजभाषा स्मारिकाओं एवं पत्रिकाओं में से सर्वश्रेष्ठ सात पत्रिकाओं को भी पुरस्कृत किया गया। राजभाषा में सराहनीय कार्य के लिए नराकास की ओर से चल वैजयंती शील्ड प्रदान की जाती है जिसमें भारी पानी संयंत्र रावतभाटा को सरकारी क्षेत्र के लिए एवं एनटीपीसी अंता को सार्वजनिक क्षेत्र के लिए यह सम्मान मिला।
बैठक के दौरान एनटीपीसी की आेर से सीडेक पुणे से आए राजेंद्र प्रसाद वर्मा, सहायक निदेशक ने कंप्यूटर एवं मोबाइल पर हिंदी में कार्य करने पर कार्यशाला का आयोजन किया। अंत में आकाशवाणी कोटा के कार्यक्रम निदेशक दिनेश गोस्वामी ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
हिंदू सेना की कार्यकारिणी गठित
बारां| हिंदू सेना की जिला बैठक प्रदेश उपाध्यक्ष बलवंत भंडारी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। जिसमें प्रदेशाध्यक्ष साहब सिंह गुर्जर की सहमति से जिलाध्यक्ष यशवंत सोनी ने पदाधिकारियों की नियुक्ति की। कार्यकारिणी में जिला उपाध्यक्ष पद पर गुरुजीत सिंह, शम्भू सिंह तंवर, सचिन निंबार्क व गोपाल सोनी को नियुक्त किया। जिला मंत्री पद पर राकेश सिंघल, जिला सचिव गोपाल सोनी व सत्यनारायण गुर्जर व उत्तम सक्सेना को सदस्य नियुक्त किया गया। साथ ही विधि सलाहकार के पद पर एडवोकेट हेमेंद्र ओझा का मनोनीत किया गया।