शहर के तेल फैक्ट्री क्षेत्र स्थित निजी गार्डन में श्रीमद भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है।
कथा के चौथे दिन शनिवार को कथावाचक गुरुमां ध्यानमूर्ति ने भगवान के 24 अवतारों में वामन अवतार, मत्स्य अवतार, धन्वंतरि अवतार सहित भगवान के कई अवतारों का वर्णन किया। साथ ही सामाजिक, पारिवारिक एवं व्यक्तिगत शिक्षा की बातों पर प्रकाश डाला। श्राद्ध कर्म की बातें बताते हुए उन्होंने कहा कि माताएं घर की रसोई में आटा गूंथकर फ्रीज में रख देती हैं तथा सुबह का शाम और शाम का दूसरे दिन काम में लेती हैं। यह गलत है, गूंथे हुए आटे काे चार घंटे से अधिक रखने पर उसको पिंड माना जाता है, जिसे अदृश्य आत्माएं अपना भोग बना लेती हैं। इसलिए बासी आटे का उपयोग नहीं करना चाहिए। रामकथा के दौरान हनुमंतलाल की झांकी देखकर भक्त भावविभोर हो गए। वहीं इस दौरान कृष्ण जन्मोत्सव हर्षोल्लास से मनाया गया। गोयल परिवार ने सबकाे धन्यवाद दिया।
शाहाबाद .कस्बे में चल रही श्रीमद् भागवत कथा ज्ञानयज्ञ में आचार्य पंडित बृजमोहन ने शनिवार को द्रोपदी प्रसंग का वर्णन करते हुए बताया कि जो मनुष्य भक्तिभाव से उनके चरणों में जीवन को समर्पित कर देता है और भगवान को पुकारता है तो भगवान भक्तों के पास आते हैं। द्रोपदी की लाज हरण का प्रयास किया गया, द्रोपदी ने भगवान मुरलीधर को पुकारा और भगवान द्रोपदी की पुकार पर रक्षा के लिए आए। कलयुग में भागवत भगवान श्रीकृष्ण का स्वरूप है। जिसके श्रवण से मनुष्य लोक और परलोक का कल्याण हो सकता है। मुख्य यजमान लक्ष्मी नारायण वर्मा ने महाआरती कर पंडित बृजमोहन को सम्मानित किया। कथा में कस्बे सहित आसपास के गांवों से भी श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
बारां. शहर के तेल फैक्ट्री क्षेत्र स्थित निजी गार्डन में चल रही श्रीमद् भागवत कथा में उपस्थित श्रद्धालु।
किशनगंज. कथा के दौरान सजाई राधा-कृष्ण की झांकी।
अच्छे आचरण से होता है समाज का उत्थान: आचार्य
नाहरगढ़| मप्र के अनारथ गांव में स्थित हनुमान मंदिर परिसर में सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद भागवत कथा ज्ञानरस व श्रीराम महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन समिति के अनुसार कथा का वाचन आचार्य संत जितेंद्र कर रहे हैं। कथा का तीसरे दिन जितेंद्र महाराज ने बताया कि ईश्वर सदेव मनुष्य के सहायक रहे हैं। जिस तरह माता-पिता नेक व संस्कारित संतान चाहते हैं उसी तरह भगवान भी आशा करते हैैं कि उनकी मनुष्य धर्म का आचरण, और प्रकृति की सेवा, माता-पिता का समान करने वाला हो। उन्होंने पर्यावरण बचाए रखने के लिए अधिक से अधिक संख्या में पेड़-पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया। कथा में गाए भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे। कथा में दर्जनों गांवों सहित नाहरगढ़ क्षेत्र के श्रद्धालु भी पहुंच रहे हैं। पंडित मुन्नालाल पाठक व यज्ञाचार्य पंडित रामचरण शास्त्री अन्य धार्मिक अनुष्ठान करवा रहे हैं।
सीसवाली. कस्बे के एक निजी स्कूल में चल रही भागवत कथा में शनिवार को पंडित नवल किशोर शर्मा ने सूर्य वंश, चंद्रवंश, निमि वंश और यदुवंश का वर्णन करते हुए श्रीराम जन्म, राम विवाह, कृष्ण जन्म के प्रसंग सुनाए। इस दौरान राम और कृष्ण जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। उन्होंने बताया कि मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीरामचंद्र के चरित्र को समझे बिना श्रीकृष्ण लीलाओं को समझना साधारण मनुष्य के बस की बात नहीं है। कृष्णजन्म के उपलक्ष में बधाइयां दी गई। महिलाओं ने भाव विभोर होकर नृत्य किया। टनाटन गणेश महिला मंडल की आेर से कई प्रसंगों पर झांकियां सजाई गई।
शाहाबाद. कस्बे में चल रही श्रीमद् भागवत कथा में उपस्थित श्रद्धालु महिलाएं।
भागवत कथा का समापन
बारां| क्षेत्र के कलोनी गांव में चल रहे श्रीमद भागवत कथा व ज्ञान यज्ञ का शनिवार को पूर्णाहुति व प्रसाद वितरण के साथ समापन हो गया। आयोजन से जुड़े डॉ. प्रतापसिंह मेहता ने बताया कि 13 मई से शुरू हुई भागवत कथा का शनिवार को समापन हो गया है। शनिवार को आचार्य पंडित रामेशचंद भार्गव के सानिध्य में श्रीकृष्ण व रुक्मिणी विवाह का आयोजन किया गया। इसमें गांव समेत आस-पास के गांवों के श्रद्धालु भी आए। वहीं अंतिम दिन कथा की पूर्णाहुति के बाद प्रसाद वितरण में बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने भंडारे में भाग लिया।