बारां. शहर के तेल फैक्ट्री क्षेत्र में कॉलोनिवासियों से समस्याओं की जानकारी लेते नगर परिषद के सभापति।
भास्कर न्यूज | बारां
नगर परिषद के सभापति कमल राठौर ने शनिवार को शहर के वार्डों का औचक निरीक्षण कर कार्यों के अवलोकन के बाद वार्डवासियों को नालियों व सड़कों के निर्माण का भी भरोसा दिलाया।
सभापति राठौर ने शनिवार सुबह इंदिरा मार्किट, शास्त्री मार्केट समेत कई कॉलोनियों का दौराकर निरीक्षण किया। इस दौरान वार्ड 8, 9 व 32 वार्ड के पुष्प विहार, पुष्प कुंज हाउसिंग बोर्ड, तेल फैक्ट्री समेत कई कॉलोनियां का दौरा किया। इस दौरान वार्ड में महिलाओं ने विभिन्न प्रकार की समस्याओं से सभापति को अवगत कराया।
इस दौरान राठौर ने इन वार्डों में चल रही सफाई व्यवस्था को भी देखा। इस दौरान सभापति राठौर ने कहा कि अधिकांश सड़कों की टेंडर प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है। सभी जगह कार्य शुरू करने के लिए निर्देश दे दिए हैं, जल्द ही काम शुरू होगा।
वहीं जहां टेंडर प्रक्रिया नहीं है, वहां भी एस्टीमेट तैयार कर सड़क और नाली की समस्या दूर की जाएगी। इस दौरान पार्षद नियाज मोहम्मद, विष्णु शाक्यवाल, शिवशंकर यादव, विजयदीप नागर भी मौजूद थे।