आज सामूहिक अवकाश पर रहेेंगे महानरेगा कार्मिक
बारां| जिले में कार्यरत महात्मा गांधी नरेगा योजना के कार्मिक मांगों को लेकर सोमवार को सामूहिक अवकाश पर रहेंगे। नरेगा कार्मिक संघ के जिलाध्यक्ष विपिन त्यागी ने बताया कि संविदा पर कार्यरत कार्मिकों के समायोजन को लेकर साल 2013 में विज्ञप्ति जारी की थी। इसमें कनिष्ठ लिपिक के 19 हजार 500 की जगह 8 हजार 500 पदों पर नियुक्ति दी जा चुकी है। शेष 10 हजार 500 कार्मिक नियुक्ति की आस लगाए हुए हैं। शाहाबाद ब्लॉक अध्यक्ष चेतन यादव व अटरू ब्लॉक अध्यक्ष प्रेम दिलावर ने बताया कि सोमवार को प्रदेशव्यापी आह्वान पर नरेगा कार्मिक सामूहिक अवकाश पर रहेेंगे। जिला मुख्यालय पर सुबह साढ़े 11 बजे मुख्यमंत्री और ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज मंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन दिया जाएगा।