इज्तेमाई निकाह में शाह समाज के 79 जोड़ों बने हमसफर
शाह मदार कौमी विकास संस्थान की ओर से रविवार को सिलसिला-ए-मदार ऑल मुस्लिम इज्तेमाई निकाह प्रोग्राम का आयोजन रविवार को शहर के मांगराेल रोड के केजीएन ग्राउंड किया गया। इसमें काजियों द्वारा 79 जोड़ों को निकाह पढ़ाई गई।
निकाह के बाद परिजनों व रिश्तेदारों ने एक-दूसरे को मुबारकबाद दी। इससे पहले निकाह स्थल पर सुबह से ही जोड़ों के आने का सिलसिला शुरू हो गया था। जोड़ों के आने के साथ ही सुबह सात बजे से निकाह कार्यक्रम शुरू हो गया, जो दोपहर दो बजे तक चलता रहा। इसके बाद सभी जोड़ों को उपहार देने के बाद विदाई दी गई। इस दौरान दूल्हा-दुल्हन काे उपहार देने के लिए शाह समाज के सम्मेलन में भाग लेने आए इरफान रहमान अली ने कहा कि बारां में समाज की ओर से पिछले 35 साल से यह सामूहिक सम्मेलन हो रहा है। सामूहिक शादी विवाह के आयोजनाें से समाज के लोगों को एक साथ एक मंच पर बैठने का मौका मिलता है। इस तरह के आयोजन समाज में आपसी भाईचारा पैदा करते हैं। इस दौरान अतिथि के रूप में शाह समाज के राष्ट्रीय महासचिव अली अहमद, प्रदेश अध्यक्ष हाजी शमशुद्दीन , सैय्यद हाजी जमील, हाजी रफीक शाह, वसीम अहमद, सरवर अली, प्रदेश कोषाध्यक्ष हाजी जुम्मा शाह, जाकिर मंसूरी, शेख बहादुर, अंजुमन कमेटी के सदर फकीर मोहम्मद का शाह समाज के सदर सिद्दीक बाबा, अब्दुल शकूर चिश्ती, मोहम्मद सलीम, इकबाल रीगल, मुन्ना, शब्बीर अहमद, खलील अहमद, सलीम कादरी, हाजी अब्दुल रशीद, डॉ. वसीम आदि ने इस्तकबाल किया।
बारां. मांगरोल रोड पर मुस्लिम समाज के इज्तेमाई निकाह कार्यक्रम में मौजूद समाज के लोग।
20 हजार से अधिक लोग पहुंचे, जाम सरीखे बने हालात: सम्मेलन में कोटा, बूंदी, झालावाड़, श्योपुर, सांगोद, समेत एमपी के जोड़ों ने भी भाग लिया। सम्मेलन में भाग लेने वाले जोड़ों को घरेलू सामान दिए गए। इस दौरान भोजन व गर्मी के मौसम को देखते हुए जगह-जगह पर पांडाल में कूलर, पंखे लगाने के साथ ही ठंडे पानी के इंतजाम भी किए। इस दौरान मांगरोल रोड से सम्मेलन स्थल तक बड़ी संख्या में वाहनों की भीड़ के चलते बार-बार जाम लग गया, जिसे यातायात पुलिस के जवानों ने सुव्यवस्थित किया। आयोजन में वर-वधू के साथ आने वाले मेहमानों के साथ करीब 20 हजार लोगों ने शिरकत की।