बारां. कोतवाली थानाक्षेत्र के गजनपुरा में बुधवार देररात को चोरी की नीयत से पहुंचे दो जनों को पकड़ ग्रामीणों ने उनकी जमकर धुनाई कर दी। इसमें से एक जने को घायल होने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
ग्रामीणों के अनुसार रात करीब 11 बजे दो जने चोरी की नीयत से गांव में रैकी कर रहे थे। ग्रामीणों ने मोबाइल व अन्य साधनों से एक-दूसरे को सूचना देकर इनकी घेराबंदी कर ली। चारों तरफ से ग्रामीणों के पहुंचने से दो आरोपी इनके हत्थे चढ़ गए। ग्रामीणों ने दोनों की जमकर धुनाई कर दी। आरोपियों को पकड़कर मामले की सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई। कोतवाली सीआई कालूराम वर्मा ने बताया कि गजनपुरा गांव में बुधवार रात को करीब साढ़े 11 बजे ग्रामीणों ने सूचना दी कि चोरी की नीयत से पहुंचे दो जनों को पकड़ा है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। वहां ग्रामीणों ने सोरम मोग्या व एक बाल अपचारी को पुलिस के हवाले किया है। पुलिस की ओर से साेरम को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस की ओर से मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।