बारां| हरनावदाशाहजी पुलिस ने रविवार को नाकाबंदी के दौरान कार से 105 किलो डोडा चूरा बरामद कर तीन जनों को गिरफ्तार किया है। थानाप्रभारी रामहेतार्थ पार्थ ने बताया कि एसपी डीडी सिंह के निर्देश पर थानाक्षेत्र में नाकाबंदी की जा रही थी। इसके चलते रविवार दोपहर में सारथल चौकी के सामने से एक कार गुजरी। पुलिस को शक होने पर कार की डिग्गी की तलाशी ली तो उसमें डोडा चूरा बोरी में रखा हुआ था। इसके बाद इसका वजन कराने पर 105 किलो डोडा चूरा बरामद करने के साथ ही पुलिस ने कार समेत कार में सवार जोधपुर जिले के सालवा निवासी राजूराम जाट, मुकेश जाट व मोतीराम जाट को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच छीपाबड़ौद थानाप्रभारी रतन सिंह भाटी को सौंपी गई है।