खैरूआ समुदाय को बजट घोषणा के बाद भी नहीं मिला पैकेज
किशनगंज । किशनगंज व शाहाबाद क्षेत्र में रहने वाले खैरूआ समुदाय के लोगों को मुख्यमंत्री द्वारा बजट में घोषणा करने के बाद भी घी, तेल व दाल का पैकेज मिलना शुरू नहीं हुआ है। खैरूआ समुदाय को सहरिया समुदाय के समान पैकेज देने की मांग लम्बे समय से की जा रही है। इसको देखते हुए राज्य सरकार की बजट घोषणा में खैरूआ समुदाय को घी, तेल व दाल निशुल्क देने की घोषणा की थी, लेकिन बजट घोषणा की पालना में विभाग की ओर से अब तक किट देने का काम विभाग की ओर से शुरू नहीं किया गया।
किशनगंज क्षेत्र में सबसे ज्यादा 850 परिवार पींजना में रहते हैं। इसमें खेरूना, पींजनी, पीपलघटा, बिलासगढ़, खैरपुर गांव में समाज के लोग रहते हैं। वहीं शाहाबाद क्षेत्र के चंदनहेड़ा, सुंवास गांव में भी लाभ देन की बजट में घोषणा की गई थी। खेरूना निवासी बिशनलाल ने बताया कि अभी वर्तमान में 2 रुपए किलो की दर से गेहूं मिल रहा है। हमारी मांग थी कि सरकार द्वारा सहरिया समुदाय को निशुल्क गेहूं व पैकेज दिया जा रहा है। इसी तरह खैरूआ समुदाय को निशुल्क दिया जाए। इस मांग पर राज्य सरकार ने बजट में घोषणा तो कर दी मगर अभी तक लागू नहीं किया गया। वहीं लालाराम खैरूआ निवासी पींजना ने बताया कि गेहूं व पैकेज की सुविधा जल्द से जल्द दी जाए। डीएसओ हरलाल मीणा ने बताया कि अभी खैरूआ समुदाय के लिए अप्रैल माह से खाद्यान की स्वीकृति आई है। इसमें प्रत्येक परिवार को 35 किलो गेहूं का वितरण किया जाएगा। किट को लेकर आदेश नहीं आए हैं। आदेश आने के बाद जल्द ही घी, तेल व दाल का किट भी इन परिवारों को उपलब्ध करवाया जाएगा।