पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • कलेक्टर ने कुंडी व बामला शिविर में बांटी सहायता

कलेक्टर ने कुंडी व बामला शिविर में बांटी सहायता

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
कवाई| राजस्व लोक अदालत अभियान व न्याय आपके द्वार अभियान के तहत कलेक्टर डॉ. एसपी सिंह ने पंचायत समिति अटरू की ग्राम पंचायत कुण्डी एवं पंचायत समिति बारां की ग्राम पंचायत बामला में आयोजित राजस्व शिविर का निरीक्षण करते हुए जनसुनवाई भी की।

इस दौरान कलेक्टर डॉ. सिंह ने कहा कि राजस्व लोक अदालत शिविरों में राजस्व विभाग के अलावा 14 अन्य विभाग भी विभिन्न सेवाएं देकर आमजन को मौके पर ही लाभान्वित कर रहे हैं।

इन शिविरों में उज्ज्वला योजना के तहत निशुल्क रसोई गैस कनेक्शन का वितरण किया जा रहा है और आशा सहयोगिनी व आंगनबाड़ी सहायिका के लिए चयन भी किया जा रहा है। राजस्व शिविरों में अतिक्रमण, सीमाज्ञान, हकत्याग, सहमति से बंटवारा, नामांतरण समेत वर्षों से लंबित कई प्रकरणों का निस्तारण कर राहत दी जा रही है। अतः शिविरों का लाभ जागरूक होकर लेना चाहिए। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को राजस्व शिविर से दो दिवस पूर्व संबंधित ग्राम पंचायत का सर्वे कर आमजन की आवश्यकताओं एवं सेवाओं संबंधी पूर्व तैयारी करने को कहा। इस अवसर पर उपखंड अधिकारी बारां बद्रीलाल राठौर, उपखंड अधिकारी अटरू जब्बर सिंह, विकास अधिकारी,तहसीलदार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं ग्रामवासी मौजूद थे।

ग्राम पंचायत कुण्डी के राजस्व शिविर में कलेक्टर एसपी सिंह ने उज्ज्वला योजना के तहत पात्र लाभार्थी महिलाओं को निशुल्क रसोई गैस कनेक्शन का वितरण किया तो उन महिलाओं के चेहरे पर मुस्कान व उत्साह का भाव दिखा। उन्होंने क्षेत्र के समस्त पात्र लाभार्थियों को उज्ज्वला योजना का लाभ सुनिश्चित करने की बात कही। वहीं, राष्ट्रीय विधिक सेवा एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर जेल में निरुद्ध महिला बंदियों एवं उनके साथ रह रहे बच्चों की सहायता के लिए 17 मई से दस दिवसीय विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से टीम का गठन किया जाएगा। इसके लिए बनाई जाने वाली टीम में चिकित्सा विभाग की ओर से मनोचिकित्सक, महिला चिकित्सक, एवं जिला स्तरीय स्वास्थ्य अधिकारी, कारागृह की ओर से उपाधीक्षक जिला कारागृह, शिक्षा विभाग की ओर से एडीईओ माध्यमिक एवं प्रारंभिक , महिला एनजीओ, महिला पैनल अधिवक्ता, महिला अधिकारिता विभाग से सहायक निदेशक को शामिल किया जाएगा। यह टीम जिला कारागृह में निरुद्ध महिला बंदियों एवं उनके साथ रह रहे बच्चों के लिए कार्य करेगी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अध्यक्ष एवं जिला न्यायाधीश निर्मल सिंह मेड़तवाल के निर्देश पर टीम गठन के बाद वर्कशाॅप आयोजित की जाएगी।

इधर, राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोटा की ओर से उपलब्ध कराई गई मोबाइल वैन को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अध्यक्ष एवं जिला न्यायाधीश निर्मल सिंह मेड़तवाल ने मंगलवार को झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मोबाइल वैन से जिले भर में ग्रामीणों को विधिक साक्षरता की जानकारी दी जाएगी। इस अवसर पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट लोकेश कुमार शर्मा, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पूर्णकालिक सचिव गौरव शर्मा न्यायिक कर्मचारी व अधिवक्ता मौजूद थे। मोबाइल वैन का जिले में 14 मई से 2 जून तक किया जाएगा।

कवाई. कुंडी में आयोजित शिविर में लाभार्थी को गैस वितरित करते कलेक्टर।

गांवों में किसानों को बांटे जाएंगे बीज, कृषि समृद्धि रथ रवाना

बारां| राजस्व लोक अदालत अभियान के तहत कृषि विभाग द्वारा योजनाओं के प्रचार-प्रसार करने के लिए कृषि समृद्धि रथ का संचालन किया जा रहा है। जिसे जिला प्रमुख नंदलाल सुमन द्वारा कृषि विभाग कार्यालय से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। उपनिदेशक कृषि विस्तार पीसी बुनकर के अनुसार समृद्धि रथ द्वारा पंचायत समिति स्तरीय कैंपों में कृषकों को आने वाली खरीफ फसल का बीज सुगमतापूर्वक घर बैठे मिल सकेगा। साथ ही कृषि साहित्य का वितरण भी किया जाएगा। इसके साथ ही रथ के माध्यम से कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न प्रकार की योजनाओं का प्रचार-प्रसार कर ज्यादा से ज्यादा किसानों को लाभान्वित किया जाएगा। इसी प्रकार आगामी आयोजित शिविरों में कृषि समृद्धि रथ का भ्रमण प्रत्येक पंचायत समिति स्तर पर ग्राम पंचायत मुख्यालय पर 17 मई से 30 जून तक किया जाएगा। जिससे कृषकों को आगामी खरीफ फसल का बीच घर बैठे सुगमतापूर्वक उपलब्ध हो सकेगा।

बारां. मोबाइल वैन को झंडी दिखाकर रवाना करते न्यायिक अधिकारी।

खबरें और भी हैं...