शुभ अवसर पर आंगनबाड़ी के बच्चों के साथ खुशियां मनाएं: कलेक्टर
अटरू| कलेक्टर डाॅ. सिंह ने ग्राम पंचायत दीलोदहाथी में ग्राम भ्रमण के तहत जनसुनवाई की।
इस दौरान कलेक्टर डॉ. एसपी सिंह ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में खुशी के अवसर आते हैं और ऐसे मौके पर बच्चों के साथ खुशियां मनाई जाएं, तो वे दोगुनी हो जाती हैं। उन्होंने जनसुनवाई में कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जन्म दिवस, शादी की सालगिरह, नौकरी लगने का दिन, पुत्र व पुत्री का जन्म, विवाह आदि की वर्षगांठ पर अपने सामर्थ्य के अनुसार पौष्टिक आहार आंगनबाड़ी केन्द्र पर जाकर गरीब व कुपोषित बच्चों को खिलाकर खुशियां मनाएं, तो बच्चों की मुस्कान से उनकी खुशी में कई गुना इजाफा हो जाएगा और आत्मिक संतुष्टि भी मिलेगी। इस दौरान उपस्थित लोगों ने हाथ उठाकर सहमति देते हुए आंगनबाड़ी केन्द्र के बच्चों को मदद देने की सहमति दी।
कलेक्टर डॉ. सिंह ने जनसुनवाई में कहा कि जिले में कई स्थानों पर लोग हैंडपंप में मोटरें लगाकर भूजल का दोहन कर रहे हैं और इन मोटरों के माध्यम से प्रतिदिन 30 से 35 हजार लीटर भूजल का दोहन किया जाता है, जो व्यर्थ सड़कों व नालियों में बह जाता है। जबकि आवश्यकता मात्र 7 से 8 हजार लीटर जल की होती है। इस प्रकार भूजल के व्यर्थ दोहन से जिले में भूजल का स्तर काफी गिरा है। आवश्यकता इस बात की है कि हैंडपंप पर लगी मोटरों के विद्युत कनेक्शन लिए जाएं और दैनिक आवश्यकताओं के अनुरूप जल का उपभोग किया जाए। इससे भूजल के व्यर्थ दोहन पर रोक लगेगी। उन्होंने ग्राम दीलोदहाथी में पंचायत के माध्यम से जलस्रोत पर मोटर व मीटर लगाने के निर्देश भी दिए। इस मौके पर ग्रामवासियों को लिखित में शिकायत दर्ज करवाने व रसीद प्राप्त करने, पीएम आवास योजना के तहत पात्र व्यक्ति द्वारा ही आवेदन करने, भामाशाह व आधार कार्ड बनवाने की जानकारी दी गई। जनसुनवाई में आयुर्वेद औषधालय भवन का पट्टा जारी करने, बिजली के बिल में कटौती करवाने, खाद्य सुरक्षा सूची में नाम जोड़ने, पीएम आवास योजना के तहत आवास दिलवाने आदि प्रकरणों की सुनवाई कर संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए। इस मौके पर ग्रामवासियों द्वारा टैंकर द्वारा पेयजल परिवहन नहीं होने की शिकायत पर संबंधित पीएचईडी के सहायक अभियंता को शीघ्र व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए। इस अवसर पर सरपंच, उपखंड अधिकारी जब्बर सिंह, विकास अधिकारी, ब्लॉक स्तरीय अधिकारी, पटवारी, ग्रामसेवक, ग्रामवासी आदि मौजूद थे।
आंगनबाड़ी केन्द्र का निरीक्षण: कलेक्टर ने ग्राम पंचायत दीलोदहाथी में ग्राम भ्रमण के दौरान आंगनबाड़ी केन्द्र का निरीक्षण किया और अपने घर से बनवाकर लाए हलवे को स्वयं सभी बच्चों को वितरण करवाया। इस मौके पर उन्होंने प्रत्येक बच्चे से चर्चा कर उनका उत्साहवर्धन भी किया।
बारां. हलवा वितरण के दौरान बच्चों से चर्चा करते कलेक्टर डॉ. एसपी सिंह।