बारां| जिला ब्लड बैंक में भीषण गर्मी के बीच थैलीसीमिया पीड़ित बच्चों के लिए आ रही रक्त की कमी को लेकर ब्लड बैंक की ओर से लगातार रक्त देने के लिए मुहिम चलाई जा रही है। इसका ही परिणाम है कि अब धीरे-धीरे मुहिम से जुड़कर विभिन्न समाज के लोग विभिन्न सामाजिक कार्यक्रम के साथ जन्म दिवस पर भी रक्तदान शिविर आयोजित कर रक्त की जरूरत को पूरा कर रहे हैं। सोमवार को इसी मुहीम के तहत मंऊ गांव में बलविंदर मीना के सुपौत्र हिमांशु मीना के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में रक्तदान शिविर लगाया गया। इसमें सुबह 10 बजे से शाम तक आयोजित शिविर के दौरान 51 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। इस दौरान ब्लड बैंक के प्रभारी डाॅ. बिहारीलाल मीणा ने अन्य संगठनों से भी मुहिम के तहत समय-समय पर ब्लड बैंक आकर रक्तदान करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान कोतवाली एएसआई रामचरण मीणा बृजेश माथुर,लोकेंद्र सुमन, हरिप्रकाश, अंतिमा मीना, सुरेंद्र शर्मा, रघुवीर मीना, रमेश सुमन, भवानी शंकर, रामकल्याण, चैनसुख, बुद्घिप्रकाश आदि ने रक्तदान किया। इस दौरान ब्लड बैंक के काउंसलर विनोद साहू, अनिल आदि मौजूद थे।