हाड़ौती पैनोरमा का काम 30 तक पूरा करो: लखावत
राजस्थान धरोहर संरक्षण एवं प्रोन्नति प्राधिकरण के अध्यक्ष औंकार सिंह लखावत ने शनिवार को दोपहर बाद बारां पहुंचकर सीधे गजनुपरा में बन रहे हाड़ौती पैनोरमा का अवलोकन किया।
उन्होंने धीमी गति से चल रहे कार्य को लेकर नाराजगी जताते हुए संबंधित कंपनी के अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर 30 अप्रैल तक हर हाल में फिनिशिंग के कार्य को पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने मुख्यद्वार से लेकर परिसर में बनने वाली सड़कों को लेकर भी काम शुरू करने के निर्देश दिए।
प्राधिकरण के अध्यक्ष लखावत ने अंदर चल रहे फर्श के कार्य का भी अवलोकन किया। इसमें कार्य कर रहे मजदूरों द्वारा टूटा हुआ फर्श लगाने के बाद नाराजगी जताते हुए ठेकेदार के प्रतिनिधि से कहा कि हर काम के लिए अध्यक्ष तो नहीं आएगा, काम में किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कोई टूटी हुई फर्श लग रही है तो देखते ही हटवाना चाहिए। इस दौरान उन्होंने पूरे पैनोरमा स्थल का बारीकी के साथ अवलोकन किया। उन्होंने भास्कर से खास चर्चा के दौरान कहा कि प्रदेश का यह पहला पैनाेरमा बन रहा है, जो 46 हजार वर्ग फीट में है। इसके शुरू हाेेने के बाद हाड़ौती के लोगों को यह आकर्षित करेगा। काम तेज गति से चल रहा है। जून माह से पहले हर हाल में पैनोरमा का शिलान्यास कर दिया जाएगा। अभी वर्तमान में 12 के कार्य चल रहे थे। इसमें से 9 के काम पूरे हो गए हैं। तीन के काम जल्द पूरा होने के बाद उनका शिलान्यास हो जाएगा। लखावत ने कहा कि पैनोरमा के लिए आमजन के देखने के लिए मटेरियल भी तैयार करवाया जा रहा है। इसमें महापुरुषों की आकर्षक मूर्तियों के साथ इतिहास को दर्शाते छायाचित्र भी लोगों को आकर्षित करेंगे। इसके बाद प्रदेश में 12 और पैनाेरमा का कार्य भी जल्द शुरू हो जाएगा। इसके बाद प्राधिकरण के अध्यक्ष लखावत सीधे झालावाड़ के लिए रवाना हो गए। इस दौरान तहसीलदार बालचंद मीणा भी मौजूद थे।
राजस्थान धरोहर संरक्षण एवं प्रोन्नति प्राधिकरण के अध्यक्ष ने गजनपुरा में बन रहे हाड़ौती पैनोरमा का अवलोकन किया
पैनाेरमा निर्माण के बाद शुरू होगा सड़क का काम
बारां. पेनोरोमा के निर्माण कार्य के दौरान फर्श में लगाए गए टूटे पत्थर को हटवाते प्राधिकरण अध्यक्ष लखावत।
प्राधिकरण के अध्यक्ष लखावत ने कहा कि पैनोरमा का काम 85 प्रतिशत पूरा हो गया है। जब तक फिनिशिंग का कार्य पूरा नहीं होगा, तब तक सड़कों का काम भी पूरा नहीं होगा। सड़क के लिए लाइनिंग का काम पूरा हो गया है। उन्होंने ठेकेदार से मैदान में मिट्टी का समतल करने के भी निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने जयपुर में बन रहे गेट व खिड़की को भी जल्द तैयार कर बारां लाने को कहा ताकि इनको पैनोरमा में लगाया जा सके। वहीं पैनाेरमा के अंदर बिजली फिटिंग को लेकर भी किसी प्रकार की कोताही नहीं बरतने के निर्देश दिए गए। लखावत ने कहा कि पीडब्ल्यूडी की तर्ज पर बिजली फिटिंग नहीं हाेकर विभाग के अनुसार ही करवाई जाएगी।