महिला से लूट का पर्दापाश, एक गिरफ्तार
बारां| पुलिस ने पिछले दिनों महिला से लूट के मामले का खुलासा करते हुए एक जने को गिरफ्तार किया है। कोतवाली सीआई कालूराम वर्मा ने बताया कि 8 मई को हीकड़ निवासी रानीबाई माली ने रिपोर्ट दी थी कि वह 7 मई को दोपहर करीब एक से डेढ़ बजे बारां से हीकड़ जा रही थी।
तभी बारां अंबेडकर सर्किल पर नारेड़ा निवासी दिलीप माली मिला। वह बाइक लेकर पहुंचा और पहचान का बताकर गांव तक छोड़ने के लिए कहा। इस पर बाइक पर उसके साथ बैठ गई। आरोपी फरियादिया को नारेडा रोड से बामनमाता की झोंपड़ियों की तरफ ले जाने लगा व बाइक रोक दी। आरोपी ने धमकाकर फरियादिया से गले का मंगलसूत्र एवं फोलरियां और 10 हजार रुपए छीनकर ले गया। महिला को वहां छोड़कर भाग गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर एएसआई रमेशचंद को जांच दी। सीआई वर्मा ने बताया कि एसपी डीडी सिंह के निर्देश पर एएसपी विजय स्वर्णकार, डीएसपी रामेश्वरप्रसाद के निर्देशन में सीआई वर्मा के नेतृत्व में गठित टीम में जांच अधिकारी रमेशचंद, कांस्टेबल कृष्णमुरारी, मनीष ने आरोपी नारेड़ा निवासी दिलीप सुमन को गिरफ्तार किया है। आरोपी से घटना में लूटे गए माल को लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही माल की बरामदगी की जाएगी।