पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • बारां में आंधी और अटरू में बारिश भूलोन में बारिश के साथ गिरे ओले

बारां में आंधी और अटरू में बारिश भूलोन में बारिश के साथ गिरे ओले

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
छबड़ा. क्षेत्र के भूलोन में मंगलवार दोपहर काे हुई बारिश।

भास्कर न्यूज | बारां

जिलेभर में मंगलवार दोपहर तक लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा। दोपहर बाद आंधी से जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। अटरू और छबड़ा क्षेत्र में बारिश हुई। भूलोन में कुछ देर ओले भी गिरे।

मंगलवार को सुबह से ही भीषण गर्मी का असर बना रहा। अधिकतम तापमान 44 डिग्री तक पहुंचने से लोगों को कूलर की हवा में भी राहत नहीं मिल सकी। दोपहर बाद करीब 3 बजे से आसमान में बादल घिर आए। इस दौरान हवा की रफ्तार बढ़ गई। शाम करीब 4 बजे धूलभरी आंधी चलने के साथ आसमान में घने बादल छा गए। कुछ देर के लिए अंधेरा हो गया। दिन ढलने जैसे माहौल से वाहन चालक हैडलाइट जलाकर गुजरे। शाम 6 बजे तक रुक-रुककर हल्की बूंदाबांदी का दौर चलता रहा। (शेष| 17 पर)

आंधी से कई जगह पेड़ गिरे, दोपहर में भीषण गर्मी ने लोगों को किया परेशान

बारां. एनएच-27 पर संबलपुर के पास पलटी ट्रॉली।

दिनभर ऐसे बदला मौसम

सुबह: तापमान 30 डिग्री से शुरू होकर 43 डिग्री तक पहुंच गई। इस दौरान 11 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली।

शाम : अधिकतम तापमान 39 डिग्री से लुढ़ककर 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान 9 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली।

दोपहर: तापमान 39 डिग्री से शुरू होकर अधिकतम 44 डिग्री पर पहुंच गया। इस दौरान 17 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चली।

शाम को 10 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़का पारा

आंधी में बिगड़ा संतुलन, ट्रैक्टर-ट्राॅली पलटी, चालक ने कूदकर बचाई जान

बारां| संबलपुर डेयरी प्लांट के सामने नेशनल हाइवे-27 पर एक ट्रैक्टर-ट्राॅली पलट गया। हाइवे एंबुलेंसकर्मी रोहित ने बताया कि भंवरलाल भील बारां से ट्राॅली में सरिए भरकर रानीबड़ौद आ रहा था। तभी तेज आंधी के कारण चालक का संतुलन बिगड़ गया। ऐसे में अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर-ट्राॅली पलट गए। चालक भंवरलाल ने ट्रैक्टर से कूदकर जान बचाई। सूचना मिलते ही मौके पर एंबुलेंस पहुंच गई। रास्ता रुकने से हाइवे की क्रेन की मदद से ट्रैक्टर-ट्राॅली को सीधा किया गया।

अलर्ट

आंधी-तूफान की आशंका के मद्देनजर निर्देश दिए

बारां|
कलेक्टर डॉ. एसपी सिंह ने बताया कि शासन सचिव आपदा प्रबंधन सहायता एवं नागरिक सुरक्षा विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में तेज आंधी-तूफान की गंभीर को देखते हुए सभी एसडीएम, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, नगर परिषद, पुलिस विभाग, पीएचईडी, पीडब्ल्यूडी एवं जेवीवीएनएल को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं।

सावधानियां बरतें आमजन

कलेक्टर डॉ. सिंह ने मंगलवार को चली आंधी के मद्देनजर आगामी दो से तीन दिनों तक आमजन से अपील की है कि वे आंधी व अंधड़ के दौरान घर के अंदर रहें, बड़े पेड़ के नीचे खड़े न हों, किसी दीवार के पीछे खड़े न हों, अंधड़ के दौरान खुले मैदान में होने पर नीचे लेट जाएं, पशुओं को पेड़ से न बांधे, घर में बिजली के उपकरणों का संपर्क हटा दें, बिजली के खंभों के नीचे दुपहिया व चारपहिया वाहन खड़े न करें, जिन घरों में टिनशेड है, उनके गेट बंद रखें एवं बड़े होर्डिंग्स लगे स्थानों से भी दूर रहें।

खबरें और भी हैं...