छबड़ा| जन उपभोक्ता एवं जनाधिकार जागरण मंच के अध्यक्ष आरसी गुप्ता ने बांरा नागरिक सहकारी बैंक के मुख्य प्रबंधक पर वित्तीय अनियमितता का आरोप लगाते हुए स्थानीय शाखा को अविलंब नए भवन में हस्तांरित करने की मांग की है।
मंच के अध्यक्ष गुप्ता ने आरोप लगाया कि बैंक के मुख्य प्रबंधक की उदासीनता के चलते स्थानीय शाखा अभी तक नए भवन में शिफ्ट नहीं हो पाई है। हालात यह है कि बैंक के द्वारा पुराने भवन मालिक को तो किराया प्रति माह देना ही पड़ रहा है। साथ ही 9 महीने से प्रतिमाह नए भवन मालिक को भी भवन उपयोग में लिए बिना ही भुगतान करना पड़ रहा है। जिसका सीधा असर आम उपभोक्ता सदस्यों के लाभांश पर व बैंक की आर्थिक सेहत पर पड़ रहा है। गुप्ता का आरोप है कि मुख्य प्रबंधक द्वारा नए भवन परिसर में फर्नीचर कार्य के लिए जो टेंडर आनन-फानन में जारी किए गए हैं। उनमें निर्धारित नियमों व समय सीमा की पालना नहीं किया है। आरोप है कि इसी प्रकार की अनियमितता छीपाबड़ौद व बारां तेल फैक्ट्री की शाखाओं में भी की जा रही है। यह शाखाएं अभी तक नए भवनों में शिफ्ट नहीं हो पाई है। गुप्ता ने बैंकिग लोकपाल से इसकी शिकायत कर जांच की मांग की है। बैंक के महाप्रंबधक श्यामसुंदर शर्मा ने बताया कि बोर्ड द्वारा छबड़ा-छीपाबड़ोद एवं बारां में एक साथ तीन ब्रांचों को नवीन भवन में शिफ्ट करने का प्रस्ताव लिया गया है, वर्तमान में बारां शाखा का कार्य पूर्ण होने को है। वहीं छीपाबड़ोद ब्रांच का फर्नीचर कार्य चल रहा है। छबड़ा ब्रांच का कार्य भी चल रहा है। दो तीन माह में कार्य पूर्ण होने पर ब्रांचों को शिफ्ट किया जाएगा। वहीं एक ही ठेकेदार को तीन ब्रांचों को तैयार करने का ठेका दिया गया है।