बारां में राशन डीलरों का कमीशन बढ़ा, एक अप्रैल से लागू होंगी नई दरें
बारां| लंबे समय से कमीशन बढ़ाने की मांग कर रहे राशन डीलरों की अरसे बाद मांग पूरी हो गई है। मुख्यमंत्री की ओर से इसी साल बजट घोषणा में राशन डीलरों का कमीशन बढ़ाने की घोषणा की गई थी। इसके बाद बुधवार को विभाग की प्रमुख सचिव मुग्धा सिन्हा ने इसके आदेश जारी कर इसे एक अप्रैल से लागू कर दिया है। नए आदेश के बाद जिले के करीब साढ़े 500 सौ राशन डीलरों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। इससे पहले राशन डीलर को 87 रुपए प्रति क्विंटल के हिसाब से प्रति क्विंटल पर 70 रुपए व पोस मशीन से वितरण करने पर 17 रुपए कुल 87 रुपए प्रति क्विंटल के हिसाब से कमीशन मिलता है। अब नए आदेश के बाद 108 रुपए प्रति क्विंटल व 17 रुपए पोस मशीन के माध्यम से वितरण करने पर कुल 125 रुपए प्रति क्विंटल के हिसाब से राशन डीलर को कमीशन मिलेगा। डीएसओ हरलाल मीणा ने बताया कि वर्तमान में जिले में करीब 55 हजार क्विंटल गेहूं का विभिन्न राशन डीलरों के माध्यम से वितरण किया जा रहा है। ऐसे में राज्य सरकार की ओर से कमीशन राशि बढ़ाने से दुकानों को लेकर डीलरों के रुझान में हो रही कमी से अब विभाग को भी राहत मिलेगी। जिले में बढ़ा हुआ कमीशन 1 अप्रैल से लागू हो जाएगा।