आक्रोशित लोगों ने 3 घंटे के लिए किया सड़क जाम
लगातार शिकायत के बावजूद बिजली विभाग द्वारा कई दिनों से जले ट्रांसफार्मर को नहीं बदले जाने से आक्रोशित फुलवरिया पंचायत के पश्चिमी टोला के ग्रामीणों ने मंगलवार को बरौनी-तेघड़ा अवध तिरहुत रोड को तारा अड्डा चौक पर तीन घंटे के लिए सड़क जाम कर धरना पर बैठ गए। ग्रामीणों का आरोप था कि बीते सप्ताह से ही तारा अड्डा चौक स्थित 100 केवीए ट्रांसफार्मर ओवरलोड के कारण जल गई। जिसकी सूचना उन लोगों ने कई बार विभाग को दिया। लेकिन विभाग के अधिकारियों की उदासीनता के कारण क्षेत्र की जनता ना सिर्फ अंधेरे में रात बिताने को मजबूर हैं, बल्कि इस भीषण गर्मी में विद्युत आपूर्ति ठप रहने के कारण क्षेत्र के लोगों का बुरा हाल है। आक्रोशित लोगों द्वारा सड़क जाम कर धरना पर बैठने की सूचना पाकर मौके पर पहुंची फुलवरिया थाना की पुलिस ने पहले तो लोगों को समझा-बुझाकर जाम करवाने का प्रयास किया लेकिन आंदोलनकारी बिजली विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर उनसे तत्काल ट्रांसफार्मर बदले जाने के आश्वासन की मांग करने लगे।
फुलवरिया थानाध्यक्ष विवेक भारती की पहल पर बरौनी विद्युत आपूर्ति प्रमंडल के कर्मी मौके पर पहुंचकर 24 घंटे के अंदर जले हुए ट्रांसफार्मर को बदलने का आश्वासन दिया। लेकिन धरना पर बैठे स्थानीय लोगों का दावा था कि उक्त ट्रांसफार्मर पर ओवरलोड होने के कारण क्षेत्र में ना सिर्फ हमेशा लो वोल्टेज की शिकायत बनी रहती है बल्कि इस कारण से ट्रांसफार्मर के बार-बार तकनीकी गड़बड़ी आने या फिर जलने की शिकायत बनी रहती है। इसीलिए जले हुए 100 केवी के ट्रांसफार्मर को बदल कर उक्त स्थान पर 200 केवी का ट्रांसफार्मर लगाए जाने की स्वीकृति दी जाए। पहले तो विभाग के कर्मियों ने इस मांग को मांगने से आनाकानी की। लेकिन लोगों के उग्र रुख को देखते हुए बरौनी विद्युत आपूर्ति प्रमंडल के जेई अरविंद कुमार ने उक्त जगह पर 200 केवीए ट्रांसफार्मर लगाए जाने का आश्वासन दिया। तब लोगों ने अपना आंदोलन समाप्त किया। जिसके बाद तकरीबन 3 घंटे के सड़क जाम के बाद उक्त मार्ग पर परिचालन को सामान्य बनाया जा सका। आंदोलनकारियों ने कहा है कि अगर 24 घंटे के अंदर उक्त ट्रांसफार्मर को नहीं बदला गया तो वे लोग फिर से इससे भी अधिक उग्र आंदोलन का रुख अख्तियार करेंगे।