अलग-अलग हादसों में बालिका-महिला समेत चार लोगों की मौत
क्राइम रिपोर्टर| बिहारशरीफ/सिलाव/अस्थावां
अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मंगलवार को हुई सड़क दुर्घटना में बालिका-महिला समेत चार लोगों की मौत हो गई। सिलाव में महिला और एक बालिका की मौत हुई। महिला वट सावित्री की पूजा कर लौट रही थी उसी दौरान ऑटो पलटने से मौत हुई। इसी इलाके में बाइक की टक्कर से छह साल की बच्ची की मौत हुई। दीपनगर के हरगावां रोड में बाइक के पेड़ की टक्कर हो जाने से युवक की मौत हुई। जबकि,उसका चचेरा भाई जख्मी हो गया। अस्थावां थाना अंतर्गत जिराइन पुल के समीप बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिससे एक अधेड़ की मौत हुई।
पेड़ से बाइक टकराने के बाद युवक की मौत
दीपनगर थाना क्षेत्र के हरगावां रोड में प्रभु बिगहा गांव के समीप मंगलवार को तेज गति की बाइक के पेड़ से टकरा जाने से युवक की मौत हो गई, जबकि उसका चचेरा भाई जख्मी हो गया। जख्मी का इलाज कराया जा रहा है। मृतक की पहचान कतरीसराय के नेवाजी बिगहा निवासी रतन पासवान के 20 वर्षीय पुत्र शंभू कुमार के रूप में की गई है। युवक अपने चचेरा भाई के साथ बिहारशरीफ मार्केटिंग के लिए आया था। गांव लौटने के दौरान बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई।
सिलाव में बच्ची को ठोकर मारकर बाइक सवार भाग निकला, तलाश रही पुलिस
रोते-बिलखते मृतक के परिजन।
मां के साथ पूजा देखने आई बच्ची की दुर्घटना में मौत
सिलाव| नालंदा थाना क्षेत्र के ताजू बिगहा गांव के समीप मंगलवार को बाइक की टक्कर से 6 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। मृतका कुलेश सिंह की पुत्री नंदनी कुमारी है। बच्ची की मां वट सावित्री पूजा करने आ रही थी। जिद कर बच्ची भी साथ आ गई। पैदल लौटने के दौरान मिचार्यगंज की ओर से आ रही तेज गति की बाइक ने बच्ची को टक्कर मार दी, जिससे वह जख्मी हो गई। ग्रामीणों ने जख्मी बच्ची को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इधर, बाइक छोड़ चालक फरार हो गया।
जिराइन पुल पर बाइक हुई दुर्घटनाग्रस्त, चालक की मौत
अस्थावां| थाना क्षेत्र के जिराइन पुल पर मंगलवार को बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान यूपी के शहजादनगर निवासी जमील अहमद के रूप में की गई है। अधेड़, अस्थावां बाजार में किराया पर रहकर बाइक से कपड़ा फेरी का कार्य करते थे। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में कर, उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। बाइक सवार बरबीघा की ओर से लौट रहे थे। सड़क निर्माण कार्य होने के कारण मार्ग में कीचड़ था। जिससे बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई।
पूजा कर लौट रही महिला की ऑटो पलटने से मौत
बिहारशरीफ| सिलाव थाना क्षेत्र के बिच्छा कोल मोड़ के पास मंगलवार को ऑटो पलटने से महिला की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन सवार जख्मी हुए। मृतका वेन थाना क्षेत्र के देवरिया गांव निवासी ओमप्रकाश प्रसाद की 40 वर्षीया प|ी मिनता देवी है। महिला गांव की अन्य महिलाओं के साथ सिलाव वट सावित्री पूजा करने आई थीं। पूजा कर महिलाएं ऑटों से गांव लौट रही थी। उसी दौरान ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे महिला का सिर वाहन से दब गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। जख्मी महिलाओं को इलाज के लिए निजी क्लीनिक ले जाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में कर उसका पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में कराया। मौत की खबर मिलने के बाद परिजन अस्पताल पहुंच गए। परिजनों की चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया।