इनामी प्रतियोगिता से ठगी का शिकार हो रहे लोग
आसान से सवालों के जवाब दीजिए और लाखों रुपए कमाइए। इस चेहरे काे पहचानिए और टीवी स्क्रीन पर दिखाए जा रहे नंबर पर फोन लगाकर सही उत्तर दीजिए। अक्सर ऐसे ही जुमले आमतौर पर देखने व सुनने को आसानी से मिल जाते हैं।
सावधान हो जाइए, क्योंकि ऐसे ही कुछ लुभावने विज्ञापन टीवी और अखबारों में दिए जा रहे हैं जिन्हें देखकर लोग ठगी का शिकार हो रहे हैं। विज्ञापनों को देखकर लोग दिए गए फोन नंबर पर फोन लगाते हैं और जालसाजी में फंस जाते हैं। फोन पर ही अपनी पूरी निजी जानकारी दे बैठते हैं। इसका फायदा उठाकर विज्ञापन दाता उनसे एटीएम कार्ड, बैंक एकाउंट, डेविड कार्ड, बैंक की चेकबुक आदि की जरूरी जानकारी जान लेते हैं। यहां तक कि कुछ लोगों को ठग अपना एकाउंट नंबर देकर उसमें रुपए भी डलवा लेते हैं।
धोखाधड़ी
फोन पर सारी जानकारी देने से खातों से निकल गए हैं रुपए
पहला मामला : नगरीय सीमा से करीब 10 किमी दूर स्थित ग्राम उदयगिरी में रहने वाले एक युवक ने टीवी पर एक चैनल पर दिखाए जा रहे विज्ञापन पर दांव खेला और ठगी का शिकार हो गया। इस युवक ने एक चैनल पर दिखाई जा रही चेहरा पहचानो प्रतियोगिता को देखकर स्क्रीन पर बताए जा रहे फोन नंबर को डायल किया। फोन पर युवक से उसकी सारी जानकारी मांग ली गई। करीब 20 दिन बाद युवक के पास डाक के माध्यम से एक पत्र आया, जिसमें 3000 रुपए की रजिस्ट्री की गई थी। इनाम के लालच में युवक ने उक्त राशि डाकिये को दे दी और लिफाफा खोला जिसमें एक पर्ची और पेपर की कटिंग के अलावा कुछ नहीं निकला। पर्ची पर लिखा था कि आप इनामी प्रतियोगिता जीत चुके हैं और आपकी सत्यता जांचने के लिए कृपया दिए गए नंबर पर संपर्क करें, लेकिन पर्ची पर कोई नंबर नहीं दिया गया था। इस तरह युवक से 3000 रुपए ठगे गए।
दूसरा मामला : कामतौन में रहने वाले कमलेश कुमार ने बताया कि उनकी बेटी के फोन पर मैसेज आया कि आप चार पहिया वाहन जीत चुके हैं। इसके रजिस्ट्रेशन के लिए आपको 2000 रुपए जमा कराने होंगे। 2000 रुपए उस बैंक खाते में जमा करवा दिए। कुछ देर बाद उनके पास एक और मैसेज आया जिसमें उन्हें दो हजार रुपए जमा करने पर धन्यवाद दिया गया और आगे की प्रक्रिया के लिए 25 हजार रुपए जमा करने की बात लिखी हुई थी। मैसेज को पढ़ने के बाद उन्हें सारा मामला समझ में आ गया। उन्होंने फोन लगाया तो कोई जवाब नहीं मिला।
इस तरह से इनामी प्रतियोगिता के नाम पर हो रही है ठगी
चलाई जा रही हैं इनामी प्रतियोगिताएं
विज्ञापनों के माध्यम से चलाई जा रही ज्यादातर इनामी प्रतियोगिताएं लोगों को ठगने के लिए ही चलाई जा रही हैं। लालच में आकर लोग इन पर भरोसा कर लेते हैं और अपना पैसा व जरूरी जानकारी जालसाजों को दे देते हैं। ऐसे विज्ञापनों से बचना चाहिए और पुलिस के माध्यम से जांच कराने के बाद ही किसी भी व्यक्ति, कंपनी या संस्थान की पूरी जानकारी मिलने पर विश्वास करना चाहिए। जागरूकता और समझदारी ही इसका सबसे कारगर उपाय है। एसएस मुकाती, थाना प्रभारी बरेली