पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • छात्रा की मौत: परिजनाें ने क्लीनिक में की तोड़फोड़, डाॅक्टर को भी पीटा

छात्रा की मौत: परिजनाें ने क्लीनिक में की तोड़फोड़, डाॅक्टर को भी पीटा

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
बरेली| सोमवार शाम आक्रोशित परिजनों ने पुराना बस स्टैंड स्थित नवीन टाॅकीज के पास क्लीनिक में तोड़फोड़ करने के बाद छोला छाप डाॅक्टर की जमकर पिटाई कर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर डाॅक्टर को बचाया। लोगों के आक्रोश का कारण उक्त तथाकथित डाॅक्टर जेके अधिकारी के गलत इलाज से एक छात्रा की मौत होना बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार भगदेई खरगोन निवासी संतोष सोनी की बेटी प्राची सोनी जो कक्षा 10 वीं की छात्रा है,उसका डॉक्टर अधिकारी के यहां एक फोड़े का इलाज चल रहा था। सोमवार को प्राची सोनी को सुबह 10 बजे डाॅक्टर की क्लीनिक पर आॅपरेशन के लिए लाया गया था। सुबह 11 बजे उसका आॅपरेशन किया गया। इसके बाद परिजन बेटी को लेकर घर चले गए। दोपहर में प्राची की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे फिर से डाॅक्टर की क्लीनिक पर ले आए। यहां पर शाम 4 से 7 बजे तक प्राची को बॉटल चढ़ाई जाती रही, लेकिन उसकी बेचैनी खत्म नहीं हुई। इसके बाद डाॅक्टर ने बालिका को अस्पताल या फिर भोपाल ले जाने की सलाह दी। इस दौरान परिजन बालिका को भोपाल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, तभी उसकी मौत हो गई। इस बात से परिजन आक्रोशित हो गए और उन्होंने डाॅक्टर पर हमला कर दिया। डाॅक्टर के साथ मारपीट करने के साथ ही क्लीनिक में तोड़फोड़ कर दी। जानकारी मिलते ही टीआई सज्जन सिंह मुकाती पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा बुझाकर शांत किया। इसके बाद बालिका के शव को पीएम के लिए अस्पताल पहुंचाया। टीआई मुकाती ने कहा कि मामला दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

खबरें और भी हैं...