बरेली| गुरारिया गांव से प्रतिदिन सुबह अपनी सहेली और उसके भाई के साथ बरेली कोचिंग पढ़ने आने वाली छात्रा को गांव का ही एक लड़का आये दिन परेशान करता और छेड़छाड़ करता था। गुरुवार को सुबह करीब नौ बजे जिस समय छात्रा अपनी सहेली के साथ कोचिंग पढ़कर वापिस आ रही थी एनएच किनारे माता महाकाली मंदिर के पास उक्त युवक अपने एक साथी के साथ वहां पहले से ही खड़ा हुआ था। हमेशा की तरह लड़की का हाथ बुरी नीयत से पकड़ा और उसके हाथ में एक चिट्ठी रखकर मजनूगिरी वाली बातें करने लगा। छात्रा द्वारा विरोध करने पर आसपास खड़े कुछ लोगों ने हस्तक्षेप किया तब तक दोनों मनचले वहां से रफूचक्कर हो गये। छात्रा ने पूरे मामले की जानकारी अपने परिजनों को दी और दोनों छात्राएं पुलिस थाने पहुंची। तब तक छात्रा के परिजन और गांव के लोग भी पुलिस थाने पहुंच चुके थे। छात्रा की शिकायत पर पुलिस ने उक्त दोनों मनचलों को बालक हासे स्कूल के सामने चाय की दुकान के पास से पकड़ लिया और थाने लेकर आये। छात्रा की शिकायत पर पुलिस ने दोनों मनचलों के खिलाफ छेड़छाड़ की धाराओं के तहत मामला पंजीबद्ध कर दोनों को न्यायालय में पेश किया है।