सेवा सहकारी समिति मर्यादित बांस पिपरिया द्वारा संचालित मेहरागांव खुर्द और धनासरी की शासकीय उचित मूल्य की दुकानों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय द्वारा की गई इस कार्रवाई के बाद विपणन सहकारी संस्था बरेली उक्त दुकानों का संचालन करेगी। सहायक आपूर्ति अधिकारी सतीष राय ने बताया कि यह कार्रवाई एसडीएम डीएस तोमर के निर्देश पर की गई है। इन उचित मूल्य की दुकानों पर राशन वितरण में अनियमितताएं किए जाने की शिकायत प्राप्त हुई थी। इसके साथ ही विधायक रामकिशन पटेल के पास भी हितग्राही शिकायत करने पहुंचे थे। निलंबन की अवधि में नवीन आदेश आने तक प्रबंधक कृषक सेवा सहकारी समिति बांस पिपरिया को निर्देशित किया गया है कि अवतरित गेहूं, चावल, मक्का, नमक, केरोसिन, पीओएस मशीन एवं दुकान का आवश्यक अभिलेख प्रबंधक विपणन सहकारी संस्था बरेली को सौपें जाएं।