पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • सीजेरियन डिलेवरी से 4 तहसीलों की प्रसूताओं को मिल रहा लाभ

सीजेरियन डिलेवरी से 4 तहसीलों की प्रसूताओं को मिल रहा लाभ

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जिले के बाद ब्लॉक के सबसे बड़े सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरेली में सीजेरियन डिलेवरी की सुविधा होने से क्षेत्रवासियों को एक बड़ी समस्या से राहत मिल गई है। यहां सीजेरियन डिलेवरी की सुविधा के तहत सप्ताह में एक बार ऐसी प्रसूताओं का ऑपरेशन किया जा रहा है जिनकी जांच रिपोर्ट में गर्भ में पल रहे बच्चे की स्थिति सामान्य नहीं है। प्रसूता की सोनोग्राफी रिपोर्ट और अन्य मेडिकल जांच रिपोर्ट के आधार पर ऑपरेशन किया जा रहा है। इससे जच्चा और बच्चा दोनों सुरक्षित रहें। डॉ. शशि ठाकुर सीएमएचओ, डॉ. अनिल ओड़ एनेस्थेटिक्स, प्रभारी सीबीएमओ डॉ. सतीष उइके, डॉ. सुषमा अधिकारी, डॉ. निधि मोहता गायनेक्लोजिस्ट सहित पूरी टीम अब तक पांच दर्जन से अधिक सफल सीजर ऑपरेशन कर चुकी है।

सप्ताह में एक दिन ऑपरेशन

प्रभारी सीबीएमओ डॉ. सतीष उइके ने बताया कि पूरे जिले में सिजेरियन डिलेवरी का ऑपरेशन करने की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। बरेली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बरेली, उदयपुरा, बाड़ी के अलावा सिलवानी तहसील से आने वाली प्रसूताओं का भी सीजर ऑपरेशन किया जा रहा है। दिसम्बर 2015 से मई 2018 तक कुल 62 सीजेरियन ऑपरेशन सफलतापूर्वक किए जा चुके हैं। इसके साथ ही रायसेन, बरेली, बेगमगंज और मंडीदीप में यह ऑपरेशन सप्ताह में एक दिन पूर्व निर्धारित समय पर किए जा रहे हैं।

जिले में एक मात्र एनेस्थेटिक्स डॉ. अनिल ओड़ सभी स्थानों पर अपनी टीम के साथ पहुुुंचकर ऑपरेशन कर रहे हैं। बरेली में प्रत्येक बुधवार को सीजेरियन डिलेवरी कराई जा रही है। इससे पहले प्रसूताओं की सोनोग्राफी और अन्य मेडिकल जांचें जिला अस्पताल में की जाती हैं। ज्यादा गंभीर स्थिति में प्रसूताओं को जिला मुख्यालय पर ही भर्ती कर ऑपरेशन किया जाता है।

मिल रहा ब्लड बैंक का लाभ

बरेली सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में महीने भर में 15 से 20 गर्भवती महिलाएं इलाज के लिए आती हैं। अब बरेली में ब्लड स्टोरेज सेंटर खुलने से ऐसे गंभीर मामलों में महिलाओं को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में ही यह सुविधा मिल रही है।

ब्लड स्टोरेज सेंटर में अधिकतम 25 यूनिट रक्त को सुरक्षित रखने की व्यवस्था है। इसे उच्चतम गुणवत्ता के वातानुकूलित कक्ष में सहेज कर रखा जाता है। रक्त को सुरक्षित रखने के लिए नवीनतम तकनीक से लैस मशीनरी की व्यवस्था की गई है, जो कि लंबे समय तक रक्त को सुरक्षित रखने का काम करती है।

इन महिलाओं को प्रसव के दौरान अधिक रक्त स्राव होने से खून की कमी की समस्या हो जाती है। इसके साथ ही कई बार कमजोरी के कारण भी महिलाओं को अतिरिक्त रक्त की आवश्यकता होती है। ऐसे कई मामले सामने आए हैं जिनमें महिलाओं को रक्त की कमी के चलते गंभीर अवस्था में रायसेन या भोपाल जाना पड़ा है। ब्लड स्टोरेज सेंटर खुलने से अति गंभीर गर्भवती महिलाओं के लिए यह व्यवस्था जीवनदायिनी सिद्ध हो रही है।

जिला अस्पताल में सोनोग्राफी सहित कई अन्य जांचें करवानी पड़ती हैं

जिले में एक मात्र एनेस्थेटिक्स डॉक्टर सभी स्थानों पर टीम के साथ पहुुुंच रहे

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरेली में प्रसूताओं को मिल रही सुविधा।

अब तक 62 प्रसूताओं के किए ऑपरेशन

जिलेभर में रायसेन, बेगमगंज, बरेली और मंडीदीप में प्रत्येक सप्ताह में एक दिन सीजेरियन डिलेवरी कराने की व्यवस्था की गई है। निर्धारित दिवस पर जिला मुख्यालय से आए सभी विशेषज्ञों द्वारा ऑपरेशन किए जा रहे हैं। अभी तक 62 प्रसूताओं के सफल ऑपरेशन कर डिलेवरी की जा चुकी है। डॉ. सतीष उइके, प्रभारी सीबीएमओ बरेली

खबरें और भी हैं...