विवाहिता की घर में जलने से मौत, सास- ससुर और पति गिरफ्तार, हत्या का शक
सोमवार की रात वार्ड 12 सहराटिकरा में एक विवाहिता की जलने से मौत हो गई। पुलिस मृतका के सास, ससुर और पति को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है। मृतक महिला के पिता काशीनाथ स्वाई ने बताया कि वट सावित्री की पूजा के लिए वे सोमवार की शाम को पूजा सामग्री फल आदि अपनी बेटी को देकर घर लौटे थे। घर लौटने के कुछ घंटे बाद बेटी की मौत की खबर आ गई। उन्होंने बताया कि साल 2012 में उनकी पुत्री विजयलक्ष्मी का विवाह भेडेन थाना सहराटिकरा निवासी अधिकंद नायक के पुत्र राजेश नायक (राजा) से हुआ था। विवाह के समय उन्होंने बेटी-दामाद को हर तरह का उपहार दिया था। लेकिन विवाह के बाद अधिक दहेज की मांग कर विजयलक्ष्मी को ससुराल वाले शारीरिक व मानसिक प्रताड़ना देने लगे। इतना ही नहीं घर की मांग करने पर उनके लिए नया घर भी बनवा कर दिया। इसके बाद भी प्रताड़ना नहीं रुकने पर विजयलक्ष्मी अपने 4 वर्ष के पुत्र को लेकर मायके में रह रही थी। यह विवाद फैमिली कोर्ट तक भी पहुंचा। फैमिली कोर्ट में दोनों पक्ष की सहमति के अनुसार विजयलक्ष्मी कुछ माह पहले अपने पुत्र को लेकर ससुराल में रहने गई। लेकिन सोमवार की रात लगभग 10 बजे विजयलक्ष्मी के शरीर में आग लग गई। उसे गंभीर अवस्था में बुर्ला अस्पताल लेकर भर्ती किया गया था, जहां उसकी मौत हो गई।
विजयलक्ष्मी
बरगढ़. मृतका के मायके के लोगों ने एसपी ऑफिस का घेराव कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
एसपी ऑफिस के सामने दिया धरना, परिजनों ने ससुराल पक्ष पर मिट्टी तेल डालकर जलाने का लगाया आरोप
मृतका के मायके वालों ने विजयलक्ष्मी को मिट्टी का तेल डालकर जलाने का आरोप लगाते हुए भेडेन थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई है। भेडेन पुलिस सहराटिकरा में पहुंच ससुर आदिकांत नायक, सास रंजिता नायक और जवाई राजेश नायक को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है। वहीं दूसरी तरफ बरगढ़ में विजयलक्ष्मी की मौत की खबर सुनने के बाद पिता सहित घरवाले और वार्डवासी एसपी ऑफिस के सामने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग करते हुए नारेबाजी करने लगे, जिसमें महिलाओं की संख्या अधिक थी। शव को सड़क पर रखकर आंदोलन करने की भी कोशिश की गई, पर विधायक देवेश आचार्य, पालिका अध्यक्ष प्रशांत बेहरा, पुलिस एसडीपीओ सुरेश नायक आदि ने उन्हें समझाइश दी, इसके बाद लोग वहां से हटे।