कंटेनर-ट्रक में टक्कर, कंटेनर चालक की मौत, दो लोग घायल
जवाहर घाटी में बुधवार को एक कंटेनर और ट्रक में टक्कर हो गई। इसमें कंटेनर चालक की मौत घटना स्थल पर ही हो गई। जबकि ट्रक के चालक एवं खलासी को आंशिक चोट लगी। तीनों को बरही अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां कंटेनर चालक को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि दो अन्य घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। मृतक कमलेश कुमार यादव पिता सोहर यादव ग्राम बुलकठीका रजौली नवादा को बरही पुलिस के द्वारा औपचारिकता पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए कोडरमा भेज दिया गया। वहीं घायल रिक्की कुमार महतो पिता मेघन महतो एवं राहुल कुमार महतो चरही निवासी को प्राथमिक उपचार कर छोड़ दिया गया। बताया जाता है कि जवाहर घाटी के पास सड़क सुरक्षा को लेकर एक टीम वाहन को रोककर सुरक्षा स्टीकर 300 रुपए लेकर लगा रही थी। उसी समय कंटेनर आया। टीम के द्वारा उसे रोकने का प्रयास किया गया लेकिन चालक स्टीकर नहीं लगाना चाहता था। इसलिए वह दाहिने काटकर अपने वाहन को जोर से भगाना चाह रहा था। इसी दौरान वह अनियंत्रित हो गया और सामने से आ रहे ट्रक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चालक अपनी ही गाड़ी में बुरी तरह फंस गया। उसे गैस कटर से काटकर निकाला गया। तब तक उसके शरीर से काफी मात्रा में खून निकल चुका था। उसे अस्पताल लाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना था कि 300 रुपए के स्टीकर के चलते चालक की जान गई। यदि सड़क सुरक्षा टीम के द्वारा वाहन को नहीं रोका जाता, तो शायद घटना नहीं घटती। वहीं यदि चालक भी वाहन को रोक कर स्टीकर लगा लेता तो भी शायद घटना नहीं घटती।