राज्य आंदोलनकारियों को नहीं मिली अब तक सुविधा
बरही एनएच गेस्ट हाउस में बहुजन समाज पार्टी की बैठक हुई। अध्यक्षता राजेंद्र स्वर्णकार ने की एवं संचालन प्रयाग यादव ने किया। मुख्य अतिथि बसपा जिलाध्यक्ष शीला देवी बैठक में उपस्थित हुई। बैठक में झारखंड राज्य निर्माण के लिए किए गए आंदोलन पर चर्चा की गई। राजेंद्र स्वर्णकार ने बताया कि झारखंड राज्य निर्माण में बरही के आंदोलनकारियों ने कई बार थाना में अपनी गिरफ्तारी दी है। पीआर बॉण्ड पर छोड़ा भी गया है। लेकिन जब पेंशन देने की बारी आई तब सरकार ने सही आंदोलनकारी को सुविधा से वंचित रखा और जो सरकार के हिमायती रहे, उनको पेंशन दी जा रही है। इसमें निष्पक्षता नहीं बरती गई। जिलाध्यक्ष शीला देवी ने कहा कि बहुजन समाज पार्टी बहुजन समाज की बात करती है। झारखंड राज्य निर्माण के आंदोलनकारियों को सरकारी सुविधाओं से वंचित रखा गया है। इस मांग को बसपा पुरजोर तरीके से उठाएगी। कहा कि बसपा विधायक शिवपूजन मेहता इस मुद्दे को विधान सभा में उठाएंगे। इसके अलावा मुख्यमंत्री से मिलकर इस मांग से अवगत कराया जाएगा। यदि मुख्यमंत्री मांग पर स्हानुभूति पूर्वक विचार नहीं करते हैं, तो पूरे राज्य में चक्का जाम किया जाएगा।