दिनदहाड़े स्कूल से आते अध्यापक से कार छीनी
मुक्तसर सदर मुकाम से महज 10 किलोमीटर दूर गांव झबेलवाली के नजदीकी स्कूल से छुट्टी के बाद वापस आ रहे एक अध्यापक से चार नकाबपोश उसकी फोर्ड फिगो कार छीनकर फरार हो गए। मुक्तसर के रहने वाले बलराज सिंह गांव बाह्मणवाला उर्फ डोडांवाली में अध्यापक हैं। जैसे ही वह स्कूल से छुट्टी के बाद अपनी कार पीबी30पी 6486 करीब ढाई बजे वापस आ रहे थे तो रास्ते में गांव झबेलवाली के नजदीक चार नकाबपोश जिनके पास आल्टो कार रंग काला डीएल 7 8141 या 8241 था, उसे रोक लिया व जान से मारने की धमकी देते हुए कार छीनकर फरार हो गए। बाद में बलराज सिंह किसी अन्य वाहन चालक के साथ बैठकर अपने घर पहुंचे। घटना का पता चलते ही थाना बरीवाला की पुलिस हरकत में आ गई। थाना मुखी दविंदर कुमार ने बताया कि पुलिस ने नाकाबंदी करके लुटेरों की तलाश शुरू कर दी, परंतु खबर लिखे जाने तक कोई सुराग नहीं मिला। कुछ दिन पहले ही मंडी बरीवाला के एक आढ़तिए विजय कुमार पुत्र केवल कृष्ण के घर के आगे खड़े ईओन कार सुबह 5:10 बजे कोई व्यक्ति चोरी करके ले गया, जिसका विवरण सीसीटीवी कैमरा में कैद हो गया बाद में यह कार दूसरे दिन रात के समय बरीवाला के नजदीकी शैलर के पास खड़ी मिली। क्षेत्र में होने वाली इन लूटपाट के कारण लोगों में भारी दहशत पाई जा रही है।(राजेन्द्रपाल)