बाड़मेर | सरदार पटेल यूनिवर्सिटी ऑफ पुलिस द्वारा आयोजित जेल प्रहरी परीक्षा जोधपुर मंडल परिणाम बुधवार को देर रात जारी किया गया। जिसमें बाड़मेर की जूडो प्लेयर रही तारा चौधरी ने ओबीसी वर्ग में पहली रैंक हासिल की है। तारा ने लिखित परीक्षा पास करने के पश्चात,शारीरिक दक्षता परीक्षा में 100 में 100 अंक हासिल कर अपना चयन सुनिश्चित किया। तारा मूलतः बाड़मेर के छोटू गांव की निवासी हैं तथा इनके पिता कालाराम किसान परिवार एवं बीपीएल वर्ग से हैं। कठिन पारिवारिक परिस्थितियों से गुजरते हुए अपने शिक्षा और खेल कौशल के दम पर सफलता अर्जित की। वर्तमान में शारीरिक शिक्षा महाविद्यालय, जोधपुर से बीपीएडी कर रही हैं। जूडो में तारा नौ बार राष्ट्रीय स्तर पर राजस्थान का प्रतिनिधित्व कर चुकी है।