बाड़मेर | प्रत्येक विद्यार्थी पढ़ने की ललक पैदाकर स्मार्ट स्टडी करें। अन्दर की आग और पूरे मन से की गई मेहनत ही सफलता दिलाती है। विषयवस्तु को समझते हुए पढ़ें, रटें नहीं। समझी हुई चीजों की बार बार पुनरावर्ती करें। पुराने पेपर और पाठ्यक्रम को समय-समय पर पढ़ते रहें। प्रत्येक दिन का टाईम मैनेजमेंट बनाकर टारगेट तय करें। स्वयं को ही अवसर निकलने हैं। जहां चाह है वहां राह है। ये विचार राजकीय महाविद्यालय के एनसीसी प्रेरणा कक्ष में गुजरात कैडर के आईएएस डॉ. ओमप्रकाश माचरा ने उजास के विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रश्नों के उत्तर देते हुए कहा कि प्रशासनिक परीक्षा में वही विषय चयन करें, जिसमें सबसे ज्यादा आनंद आता हो। सेल्फ स्टडी का कोई मुकाबला नहीं है। मैंने बिना किसी कोचिंग के ही सफलता प्राप्त की है तो कोई भी कर सकता है। इन्टरनेट का प्रयोग करें लेकिन पढ़ते समय मोबाइल से दूरी बनाए रखें। भाषा का माध्यम विशेष महत्त्व नहीं रखता। बाड़मेर से हिंदी माध्यम लेकर लगातार आईएएस बन रहे हैं। प्रारंभिक तैयारी के दौरान अपना विजन स्पष्ट रखे और कभी भी निराश नहीं होवें। इस अवसर पर कवयित्री सुनीता गोदारा, खरथाराम चौधरी, डॉ. आदर्श किशोर आदि मौजूद रहे।