राजस्थान पंचायतीराज सेवा परिषद और सरकार के बीच 24 जून 2017 को लिखित समझौते को लागू करवाने के लिए किये जा रहे चरणबद्ध आंदोलन के पंचम चरण के तहत जिले के सभी विकास अधिकारी, पंचायत प्रसार अधिकारी तथा ग्राम विकास अधिकारी 21 से 23 मई तक सामूहिक अवकाश पर रहेंगे। परिषद की तरफ से शुक्रवार को जिला कलेक्टर बाड़मेर को सामूहिक अवकाश की सूचना का ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। साथ ही मांग की गई कि राज्य सरकार तीनों संवर्गो की उचित मांगों पर जल्द अमल कर आदेश प्रदान करवाएं। विकास अधिकारी नरेंद्र सोऊ, गौरव विश्नोई, हीरालाल कलबी, अतुल सोलंकी, सांवलाराम पटेल, पंचायत प्रसार संघ के भैराराम, ग्राम विकास अधिकारी संघ के जिलाध्यक्ष मूलाराम पूनिया, ओंकारदान चारण, ओमप्रकाश जांगिड़ आदि मौजूद रहे।
मनरेगा संविदाकर्मियों की मांगों का समर्थन
महानरेगा संविदाकर्मियों द्वारा पिछले 18 दिनों से दिए जा रहे धरने के बावजूद राज्य सरकार द्वारा इनकी सुनवाई नहीं करने से इन्हें परेशानियां उठानी पड़ रही है। राजस्थान ग्रामसेवक संघ जिला शाखा बाड़मेर इनकी मांगों का नैतिक समर्थन करते हुए सरकार से मांग करता है कि अतिशीघ्र इनकी समस्याओं का समाधान कर इनके आंदोलन को समाप्त करने की पहल करें।