बाड़मेर | मानव कल्याण एवंं विकास शिक्षण संस्थान द्वारा संचालित राज ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट के तत्वावधान में 25 जून को जोधपुर में सर्वधर्म सामूहिक विवाह का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन की खासियत यह होगी कि अब तक अलग-अलग जातियों के सामूहिक विवाह आयोजन तो होते देखे गए हैं, लेकिन ऐसा पहली बार होगा कि सभी धर्म व जातियों की बेटियों एक ही जगह पर परिणय सूत्र में बंधेगी। आयोजन समिति के अध्यक्ष एव राज ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट के चेयरमैन डॉ. राजूराम चौधरी ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से गत दिनों हुई चर्चा और उनकी प्रेरणा से संस्था की ओर से सर्वधर्म विवाह का आयोजन किया जा रहा है। इसमें सभी धर्म की निर्धन एवं अनाथ बेटियों को प्राथमिकता दी जाएगी। यही नहीं, अपने-अपने धर्म के अनुसार शादी की रस्में पूरी की जाएगी। विवाह योग्य बेटियों के चयन के लिए एक छानबीन समिति बनाई गई है, जो तय मापदंडों के अनुसार प्राथमिकता अनुरूप बेटियों का चयन करेगी। जरूरतमंद परिवारों से आवेदन भी लिए जाएंगे। एक ही जगह सजे मंडप में 100 जोड़े शादी के बंधन में बंधेंगे। आयोजन समिति की ओर से शादी के बाद बेटियों को उपहार के रूप में गृहस्थी का सामान भी दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि विवाह से एक दिन पूर्व सभी बेटियों की सामूहिक बंदौली भी निकाली जाएगी, जो 25 जून को जोधपुर शहर के प्रमुख मार्गों से होकर निकलेगी। सभी बेटियों को घोड़ी पर बैठाकर बैंड-बाजाें के साथ बंदौली निकलेगी। किसी भी आवेदक से किसी भी प्रकार का कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।