कारण बताओ नोटिस से भड़के कर्मचारियों ने लगाया धरना
धूरी में बीडीपीओ दफ्तर में धरने के दौरान नारेबाजी करते कर्मचारी।
धूरी|बीडीपीओ द्वारा कारण बताओ नोटिस दिए जाने से भड़के कर्मचारियों के कलम छोड़ हड़ताल पर जाने के बाद बुधवार को कर्मचारियों ने बीडीपीओ दफ्तर में धरना देकर नारेबाजी की। पंचायत समिति एवं जिला परिषद कर्मचारी यूनियन पंजाब के आह्वान पर कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर राज्य भर में 25 मार्च से लगातार कलम छोड़ हड़ताल पर चल रहे हैं। कर्मचारियों को संबोधित करते हुए यूनियन के विभिन्न नेताओं ने कहा कि कर्मचारी अपनी मांगों की पूर्ति के लिए कलम छोड़ हड़ताल करने के लिए मजबूर हुए हैं। वहीं बीडीपीओ धूरी द्वारा कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर उनकी आवाज को दबाने की कोशिश की गई है, जबकि पूरे पंजाब में कहीं भी किसी भी बीडीपीओ द्वारा इस तरह के नोटिस जारी नहीं किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इसके रोष स्वरूप धूरी में संगरूर व बरनाला जिले के समूह ब्लाॅकों के कर्मचारियों द्वारा यह धरना दिया जा रहा है। इस मौके पर अमरीक सिंह जिला प्रधान, जतिंदर सिंह, जग्गा सिंहभी मौजूद थे। (राजेश टोनी)