कैदियों को नशे से दूर रहने के लिए किया प्रेरित
डिप्टी कमिश्नर बरनाला धर्मपाल गुप्ता और एसएसपी हरजीत सिंह ने जिला सुधार घर का दौरा कर कैदियों को दी जा रही सुविधाअों का जायजा लिया। सुधार घर में कैदियों से मुलाकात के दौरान डीसी धर्मपाल गुप्ता ने उनको नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया और उनको पेश आ रही समस्याएं भी सुनी। उन्होंने कहा कि जिला सुधार घर में किसी भी किस्म की कोई गैर कानूनी वस्तु या नशीली सामग्री प्राप्त नहीं हुई। उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार की हिदायतों के मुताबिक सुधार घर के बंदियों को सभी जरूरी सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। इसके साथ ही जिला प्रशासन की तरफ से सुबह के समय बंदियों को अपने शरीर निरोग रखने के लिए योगासन करवाया जाता है और अच्छे कामों में ध्यान लगाने के लिए भी जागरूक किया जाता है। डीसी धर्मपाल गुप्ता ने इस समय जेल प्रशासन को हिदायत की कि सुधार घर के कैदियों को जरूरत के मुताबिक समय पर मेडिकल सुविधा मुहैया करवाई जाए। डीसी गुप्ता ने जेल प्रशासन की तरफ से किए जा रहे प्रबंधों पर संतुष्टि जताई।
इस समय कैदियों का उत्साह बढ़ाने के लिए जिला सुधार घर के कैदियों और जिला पुलिस-प्रशासन की वालीबॉल की टीमों के बीच एक खेल मुकाबला करवाया गया। इस दौरान डीसी धर्मपाल गुप्ता ने संबोधित करते हुए कहा कि कोई भी व्यक्ति जन्म से अच्छा या बुरा नहीं होता, बल्कि उस व्यक्ति के हालात और आदतें उसको अच्छा या बुरा बना देती हैं। उन्होंने कहा कि एसएसपी हरजीत सिंह की दिली इच्छा थी कि ऐसा खेल मुकाबला करवाया जाए जिससे सुधार घर में मौजूद कैदियों को खेलों प्रति जागरूक और उत्साहित किया जा सके।
इस समय जेल सुपरिंटेंडेंट गुरप्रीत सिंह, एसपी सुखदेव सिंह, एसपी शरनजीत सिंह, डीएसपी राजेश छिब्बर, डीएसपी कुलदीप सिंह विर्क, जगदीश बिश्नोई, तेजिन्दर चंडोल डिप्टी सुपरिंटेंडेंट समेत जेल और पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद थे। (लखवीर चीमा)
निरीक्षण
डीसी और एसएसपी ने जिला सुधार घर का किया दौरा, कैदियों से जानी समस्याएं
जेल सुपरिंटेंडेंट के साथ डीसी और एसएसपी कैदियों से बातचीत करते हुए।