इंसाफ दिलाने के लिए छह शहर-कस्बों में प्रदर्शन
कठुआ में 8वर्षीय नाबालिग बच्ची आसिफा को इंसाफ दिलाने के लिए मंगलवार को आम आदमी पार्टी के हल्का विधायक कुलवंत सिंह पंडोरी के नेतृत्व में एक साईड से रोड जाम करके बाजार में रोष मार्च किया गया। विधायक पंडोरी ने कहा कि मौजूदा दौर में देश के सभी मां-बाप को अपनी जवान बेटियों की सुरक्षा का डर सता रहा है कि उनकी घर से बाहर गई बेटी सही सलामत घर वापस लौटेगी या नहीं? क्योंकि भारत में गुंडा राज दिनों दिन अपने पैर जमा रहा है, परंतु हमारी गूंगी-बहरी सरकारें आंखों बंद कर सब कुछ देख रही हैं, जिससे किसी को सही इंसाफ मिलने की कोई आशा नहीं है। पंडोरी ने कहा कि देश भर में बच्चियों के साथ हो रहे बलात्कार और कत्ल की घटनाओं के साथ भारत का नाम पूरी दुनिया में बदनाम हो रहा है। उन्होंने आसिफा के दोषियों को सख्त सजा देने की मांग की ताकि अागे से कोई अोर ऐसी घिनौनी हरकत को अंजाम न दे सके। इस मौके पर अजमेर सिंह महल कलां, प्रगट सिंह महल खुर्द, गगनदीप सिंह सरां, काका हरदासपुरा, जगजीत सिंह धालीवाल, बलजीत सिंह गंगोहर, नछत्र सिंह कलकत्ता, बहादर सिंह जौहल उपस्थित थे। (धनेर)
रेप मामलों के खिलाफ एसएसडी काॅलेज के विद्यार्थियों ने की रोष रैली
बरनाला| कठुआ (जम्मू) में हुए आसिफा गैंगरेप व कत्ल मामले में पीड़ित परिवार को इंसाफ दिलाने के लिए एसएसडी काॅलेज में विद्यार्थियों व अध्यापकों द्वारा शोक सभा और रोष रैली निकाली गई। शोक सभा के दौरान कालेज प्रिंसिपल डॉ. बलविन्दर सिंह गिल ने कहा कि कठुआ में घटी यह घटना देश के पूरे समाज को कलंकित करने वाली है। ऐसी घटनाएं चिंता का विषय हैं। इस मौके पर प्रो. जसवंत कौर, प्रो. दलवीर कौर, किरनदीप कौर और वीरपाल कौर ने कहा कि ऐसी घट रही घटनाअों के कारणों पर चर्चा की। इस मौके पर एसडी सभा के महासचिव शिवदर्शन कुमार शर्मा और शिक्षा निर्देशक शिव सिंगला ने आरोपियों के लिए सख्त सजा की मांग की। इस अवसर पर प्रो. भारत भूषण, गगनदीप गुलाटी, रणधीर सिंह, कुलवीर सिंह, करमजीत सिंह, लखविन्दर सिंह आदि उपस्थित थे।(लखवीर चीमा)
बच्ची के कातिलों को सजा दिलाने के लिए निकाला मार्च
सुनाम|पंजाब रेडिकल स्टूडेंट यूनियन द्वारा आसिफा के आरोपियों को सजा दिलवाने के लिए रोष मार्च निकाला गया। इसमें सरकारी स्कूल के विद्यार्थियों ने भी भाग लिया था। रोष मार्च सरकारी स्कूल से शुरू होकर एसडीएम दफ्तर में जाकर समाप्त हो गया। जहां विद्यार्थियों ने एसडीएम राजदीप सिंह बराड़ को मांग पत्र देते हुए कहा कि आसिफा के कातिलों को फांसी की सजा मिलनी चाहिए। स्टूडेंट यूनियन के सदस्यों ने केन्द्र सरकार से मांग कि आसिफा के कातिलों को फांसी की सजा मिलनी चाहिए नहीं वो अपने संघर्ष को और भी तेज करेंगे। (टिंका)
महल कलां में विधायक पंडोरी के नेतृत्व में रोष मार्च करते आप वर्कर्स।
अासिफा को न्याय दिलाने के लिए निकाला कैंडल मार्च
धनौला| कठुआ में 8 वर्षीय बच्ची के साथ हुए दुष्कर्म व कत्ल करने वाले आरोपियों को सजा दिलाने के लिए कस्बा धनौला के युवकों ने मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रोष प्रदर्शन किया व कैंडल मार्च निकाला। इस अवसर पर हसन धनौला, गुरप्यार सिंह, अर्शदीप सिंह, जीवन सिंह, सतगुरु सिंह, जस्सी, इकबाल सिंह, दीपक मित्तल अजय करन आदि ने बताया कि कठुआ में कुछ लोगों ने 8 वर्षीय बच्ची के साथ कई दिन नशा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया व बाद में कत्ल करके दूर झाड़ियों में फेंक दिया गया। ऐसे लोगों को दिल्ली के चौक में सरेआम गोली मारनी चाहिए या फिर फांसी की सजा देनी चाहिए। इस अवसर पर युवकों द्वारा बस स्टैंड से कैंडल मार्च शुरू करके मेन बाजार से होता हुआ बस अड्डे पर संपन्न किया गया। उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि जल्द इंसाफ नहीं मिला तो संघर्ष को ओर तीव्र किया जाएगा।(सदियोडा)
महिला विरोधी घटनाएं समाज पर कलंक : मुहम्मद
मालेरकोटला| कठुआ व उन्नाव में हुई बलात्कार की घटना के विरोध में सहारा मुस्लिम वेलफेयर सोसायटी की ओर से राष्ट्रपति के नाम एसडीएम प्रीति यादव को ज्ञापन सौंपा गया। संस्था के प्रधान मुहम्मद गुलजार ने कहा कि इस कांड ने देश में महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े किए है। दिन प्रति दिन हो रही महिला विरोधी घटनाएं समाज पर कलंक है। उन्होंने राष्ट्रपति से मांग की आरोपियों को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न घटे। इस मौके पर अजहर मुनीम, हाजी अब्दुल गुफार, रमजान सोनी, हाजी हनीफ, फिरोज पप्पू, मुहम्मद हनीफ, मुहम्मद नासर, मुहम्मद आदि उपस्थित थे। (शरीफ
बलात्कार की घटनाओं के विरोध में काली पट्टियां बांधकर मार्च निकाला
संगरूर में काली पट्टियां बाद रोष मार्च निकालते गवर्नमेंट पेंशनर एसोसिएशन के सदस्य।
संगरूर|जम्मू व यूपी में हुए बलात्कार की घटनाओं के विरोध में गवर्नमेंट पेंशनर एसोसिएशन की ओर से सिर पर काली पट्टियां बांध शांतमयी रोष मार्च निकाला गया। एसोसिएशन के प्रधान राज कुमार अरोड़ा, चेयरमैन रविंदर सिंह गुड्डू व वाइस चेयरमैन लालचंद सैनी ने कहा कि जम्मू कश्मीर में आठ साल की बच्ची का बलात्कार के बाद कत्ल कर दिया गया। इस घटना के बाद पूरे देश का सिर शर्म से नीचे हुआ है। ऐसे शरारती तत्वों के खिलाफ कार्रवाई के लिए सख्त से सख्त कानून बनने चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हो सके। सिर्फ निंदा करने से ऐसी घटनाएं नहीं रुकेगी, बल्कि कानून में बदलाव जरूरी है। इस मौके पर सुरिंदर सोढी, नसीब चंद शर्मा, जवाहर लाल शर्मा, गुरदेव सिंह, बलदेव राज, डॉ. मनमोहन सिंह, ओम प्रकाश, राम सरुप शर्मा आदि उपस्थित थे।
रोष मार्च कर आरोपियों को सजा देने की उठाई मांग
भवानीगढ़| जम्मू कश्मीर के कठुआ में आठ साल की बच्ची के बलात्कार के विरोध में विभिन्न संगठनों की ओर से शहर में रोष मार्च कर आरोपियों को फांसी देने की मांग की गई। रोष मार्च शहीद भगत सिंह चौंक से शुरू होकर मुख्य बाजार, बस स्टैंड, ट्रक यूनियन से होता हुआ भगत सिंह चौक में जाकर संपन्न हुआ। रोष मार्च को संबोधित करते हुए आशा वर्कर यूनियन की राज्य उप प्रधान रजिंदर कौर काकड़ा, आंगनबाड़ी वर्कर यूनियन की उपप्रधान अंग्रेज कौर ने कहा कि बलात्कार की इस घटनाओं ने पूरे देश को शर्मसार किया है। ऐसे आरोपियों को जल्द से जल्द फांसी की सजा दी जानी चाहिए। नारी शक्ति वूमेन सेल की राज्य प्रधान अनुपमा कौशल व सुषमा अरोड़ा ने कहा कि बलात्कार के आरोपियों के लिए सख्त से सख्त कानून बनना चाहिए। फास्ट ट्रैक कोर्ट के जरिये फैसला जल्द से जल्द होना चाहिए। वहीं गांव भट्टीवाल कलां में लोगों ने कैंडल मार्च निकाल केन्द्र सरकार का पुतला फूंका। इस मौके पर सुरिंदर कौर, छिंदर कौर, जसकरन सिंह, वरिंदर सिंह, छिंदरपाल शर्मा, मनप्रीत सिंह, हेमराज, पवन कुमार, करमजीत आदि उपस्थित थे। (लखविंदर)
बच्चियों के रेप के विरोध में आगंनबाड़ी मुलाजिमों का एसडीएम कार्यालय पर प्रदर्शन
मालेरकोटला|जम्मू व यूपी में हुई बलात्कार की घटनाओं के विरोध में आंगनबाड़ी मुलाजिम यूनियन की ओर से एसडीएम कार्यालय के समक्ष रोष प्रदर्शन किया गया। जिला प्रधान गुरमेल कौर की अगुवाई में जुटी वर्करों ने एसडीएम प्रीती यादव को ज्ञापन सौंपा। जिला प्रधान गुरमेल कौर व ब्लाक प्रधान रुपिंदरजीत कौर ने कहा कि दरिंदगी की हदें पार करते हुए इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना हैं। पंजाब स्टूडेंट यूनियन, नौजवान भारत सभा की ओर से बलात्कार के विरोध में प्रदर्शन किया। (शरीफ)
केन्द्र की घटिया नीतियों के कारण बलात्कार की घटनाओं में बढ़ोतरी हो रही : सीपीएम
संगरूर| सीपीएम के जिला सचिव सुखदेव शर्मा ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा है कि केन्द्र सरकार की घटिया नीतियों के कारण बलात्कार की घटनाओं में बढ़ोतरी हो रही है। गुजरात, उतर प्रदेश व जम्मू कश्मीर में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है। बलात्कार के आरोपियों पर केस दर्ज करवाने के लिए परिजनों को दर-दर की ठोकरें खानी पड़ी। जब प्रशासन ने कोई कार्रवाई न की तो हाईकोर्ट के आदेशों पर जाकर कार्रवाई हुई। गैंगरेप के आरोपियों को बचाने के लिए तिरंगा लहरा कर मार्च करना निंदनीय है। सीपीएम मांग करती है कि आरएसएस के गुंडो पर नकेल कसी जाए। ऐसे आरोपियों को तुरंत फांसी की सजा देनी चाहिए। इस मौके पर भरपूर सिंह, प्यारे लाल, सतवंत खंडेबाद, मनिंदर धालीवाल, गुरदियाल निरमान, प्रीतम सिंह, बलविंदर सिंह, जगदेव वाहिया आदि उपस्थित थे।
स्कूल बस पलटने पर धरना देने वालों पर पर्चा दर्ज
संगरूर |कालाझाड़ के पास संगरूर पटियाला नेशनल मार्ग पर धरना देने वाले लोगों के खिलाफ पुलिस ने थाना भवानीगढ़ में केस दर्ज कर लिया है। आरोप है कि लोगों ने एक घंटा रास्ता जाम िकया। सोमवार को चन्नो स्कूल की बस मुनशीवाला से कालाझाड़ सड़क पर पलट गई थी। घटना के बाद लोगों ने कालाझाड़ के पास संगरूर पटियाला नेशनल मार्ग पर धरना देकर यातयात ठप कर दिया था। इस पर भवानीगढ़ पुलिस ने नारायण सिंह, सतगुर सिंह, रण सिंह सुवेग, सोनू, मनप्रीत सिंह, सनी, काला, कमलजीत सिंह व 20-25 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।