गुरम में किसानों ने किया मंडी अधिकारियों का घेराव
बरनाला| भारतीय किसान यूनियन (एकता उगराहां) के नेता मान सिंह गुरम के नेतृत्व में किसान नेताओं ने खरीद केंद्र में किसानों की फसल की बोली नहीं होने के कारण व इंस्पेक्टर द्वारा मनमानी करने के विरोध में मंडी बोर्ड के अधिकारियों का घेराव किया। इस अवसर पर किसान नेता मान सिंह गुरम ने कहा कि एक तरफ तो प्रदेश सरकार मंडियों से गेहूं खरीदने के दावे कर रही है, परंतु दूसरी तरफ मंडियों में गेहूं की बोली नहीं होने के कारण किसान परेशान हो रहे है। मंडी बोर्ड शेरपुर के अधिकारी लेखाकार करतार सिंह ने बताया कि सरकार व मंडी बोर्ड की हिदायतों अनुसार गेहूं खरीदी जा रही है अौर अब चार हजार थैलों के करीब की बोली करवा दी गई है। उन्होंने बताया कि मार्केट कमेटी के सचिव जसवीर सिंह समाओ के नेतृत्व में गेहूं खरीदने का काम चल रहा है। भारतीय किसान यूनियन (एकता उगराहां) के नेता मान सिंह गुरम, दरबारा सिंह, हरमिन्दर सिंह ने बोली लगाकर शुरू करवाए काम को संघर्ष की जीत करार दिया। (लखवीर)