आज खुलेगा धनौला रोड का टेंडर, हफ्ते में काम शुरू
धनौला रोड के टेंडर खुलने से आज लोगों की दो साल पुरानी मांग पूरी हो जाएगी। 3.64 करोड़ के प्रोजेक्ट का काम एक हफ्ते में शुरू करके अगले तीन महीने में पूरा करने का लक्ष्य है। वहीं कांग्रेसियों और अकाली नेताओं के बीच एक बार फिर धनौला फाटक अंडरब्रिज की तरह क्रेडिट लेने की होड़ लग गई है। दोनों ही प्रोजेक्ट को अपना बता रह हैं। एक साल से लटक रहा प्रोजेक्ट प्रदेश सरकार के 3.64 करोड़ के विशेष पैकेज से पूरा होगा। आईटीआई चौक से लेकर धनौला फाटक अंडरब्रिज तक ये धनौला रोड सिंगल रोड था। जनवरी 2017 में अकाली सरकार के दौरान इसे डबल रोड करने के लिए प्रस्ताव पास किया गया, जिसमें 1.64 करोड़ की राशि निर्धारित की गई। इस राशि से साइडों के बिजली के खंभे बीच बने डिवाइडर पर फीट किए गए व रोड पर बजरी डाली गई। इस काम के लिए ठेकेदार को 57 लाख की पेमेंट की गई, लेकिन विधानसभा चुनाव से पहले काम बीच में ही बंद कर दिया गया। 57 लाख में जो डिवाइडर बनाया गया वो लगभग आधा टूट चुका है। (दीपक गर्ग)
Rs.3.64 करोड़ के प्रोजेक्ट का एक हफ्ते में काम शुरू कर तीन महीने में पूरा करने का लक्ष्य
धनौला रोड अंडरब्रिज की तरह फिर से अकाली-कांग्रसियों में क्रेडिट लेने की होड़
शहर की आधी अबादी को होगा फायदा|धनौला रोड पर आस्था काॅलोनी, अकालगढ़ नगर, फौजी बस्ती, गिल नगर, प्रेम नगर, दशमेश नगर, ढिल्लों नगर पर करीब एक लाख की आबादी रहती है। इसके अलावा इस रोड पर कई स्कूल, मंदिर व गुरुद्वारे हैं, साथ ही करीब इस रोड पर एक हजार के करीब दुकानें, सर्विस सेंटर व वर्कशॉप है, जोकि इस रोड से प्रभावित है।
शिअद के प्रोजेक्ट को अपना बता रहे कांग्रेसी : जिम्मी
अकाली दल के ब्लाक प्रधान जतिंदर जिम्मी ने कहा कि यह प्रोजेक्ट पद्मश्री राजिंदर गुप्ता की देन है। कांग्रेसी इसे अपना कह कर वाहवाही लूट रहे हैं। अगर सरकार न बदलती तो काम एक साल पहले ही पूरा हो गया होता।
कांग्रेस नींव पत्थर रखने वाली पार्टी नहीं : मुनीश
कांग्रेस के ब्लाक प्रधान मुनीश काका ने कहा कि अकाली दल की तरह कांग्रेस पार्टी नींव पत्थर रखने पर यकीन नहीं रखती। प्रदेश कांग्रेस के मीत प्रधान केवल सिंह ढिल्लों रिजल्ट पर विश्वास रखते है।