बरसोई में सड़क पर जलजमाव व विरोध करते लोग।
भास्कर न्यूज| बारसोई
दाे दिन पूर्व हुई बारिश ने नगर पंचायत की पोल खोल दी। पानी के निकासी की व्यवस्था न होने से सड़कें जलमग्न हो गई हैं। इसकी वजह से लोगों को आवागमन में काफी कठिनाई हो रही है। ज्ञात हो कि बारसोई नगर पंचायत क्षेत्र में जितने भी नाले बने हुए हैं सभी पुराने हो गए हैं। सब्जी पट्टी और उसके आसपास के क्षेत्र विष्णु धर्म ठाकुरबारी, बारसोई थाने के मुख्य द्वार, भागबारसोई से हरिजन टोला, निमतल्ला, पोस्ट ऑफिस से पीछे वाली मुख्य सड़क इत्यादि क्षेत्र में नारकीय स्थिति बनी हुई है। बारिश का पानी नालों के द्वारा नहीं निकलने के कारण सड़क पर काफी संख्या में पानी लता है। ज्ञात हो कि पानी सूखने में कम से कम पांच दिन तक लग जाता है। शर्त यह है कि दोबारा फिर से बारिश न हो। दुकानदारों का कहना है कि जलजमाव के चलते लोग बाजार में नहीं आ रहे हैं। दुकानदारी प्रभावित हो रही है तथा जल निकासी नहीं होने के कारण हम लोगों की आर्थिक स्थिति दयनीय होती जा रही है। व्यवसायियों ने नगर पंचायत प्रशासन से जल्द से जल्द नालों की साफ-सफाई करवाने के साथ-साथ उच्च गुणवत्ता पूर्ण नाला निर्माण के लिए जिला प्रशासन से मांग की है।