दंतेवाड़ा| पुलिस और लैम्पस पर्यटन नगरी बारसूर में पेट्रोल पंप खोलने का मामला अधर में लटक गया है। पेट्रोल पंप की डीलरशिप के लिए दिलचस्पी दिखाने पर पुलिस कल्याण समिति को पेट्रोलियम कंपनी ने हरी झंडी दे दी थी।
पंप के लिए बारसूर के प्रवेश द्वार पर पूर्व में जमीन सुझाई गई थी, लेकिन थाने से ज्यादा दूरी होने की वजह से पुलिस ने यहां पंप खोलने और संचालन में असमर्थता जताई। इसके बाद नगर में ही एक अन्य जगह पर जमीन उपलब्ध करने का प्रस्ताव प्रशासन ने रखा, लेकिन इस पर भी बात नहीं बनी।
खाद्य विभाग ने राशन दुकानों का संचालन करने वाली समिति (लैम्पस) को पेट्रोल पंप के संचालन के लिए राजी किया था। बाद में उन्होंने भी वित्तीय और दूसरे कारणों का हवाला देते आनाकानी शुरू कर दी। जिला खाद्य अधिकारी जीएस कंवर का कहना है कि सरकारी विभाग या सहकारी संस्थाओं को ही पंप संचालन के लिए दिया जा सकता है। पेट्रोल पंप खोलने के लिए कोशिश जारी है।
बारसूर से 20 किमी दूर गीदम में है पेट्रोल पंप
चित्रकोट और गीदम की तरफ से आने वाले सैलानियों के लिहाज से बारसूर महत्वपूर्ण केंद्र है, लेकिन यहां पेट्रोल पंप की सुविधा अब तक नहीं है। बारसूर से नजदीकी पेट्रोल पंप गीदम की दूरी 20 किमी है। वहीं खेती-किसानी के सीजन में ट्रैक्टरों के लिए बार-बार ईंधन की जरूरत पड़ती है। मजबूरन लोग अवैध तरीके से स्टॉक रखने वालों से पेट्रोल-डीजल खरीदते हैं।