झारखंड में डीजल पर वैट की दर अधिक होने और जसीडीह में पेट्रोलियम पदार्थ की माल ढुलाई के लिए टैंडर कराए जाने के विरोध में रविवार को झारखंड पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन एवं झारखंड टैंकर आॅनर एसोसिएशन की संयुक्त बैठक रविवार को बरवाअड्डा में हुर्ह। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने की। बैठक में प्रदेश में डीजल पर पड़ोसी राज्यों के मुकाबले वैट की दर अधिक लेने और पेट्रोलियम पदार्थ की माल ढुलाई के टेंडर किए जाने पर विरोध जताते हुए इसके खिलाफ आंदोलन करने का निर्णय लिया गया। सिंह ने कहा कि झारखंड में डीजल पर 22 प्रतिशत वैट लिया जा रहा है। वहीं पड़ोसी राज्य बंगाल में 17 प्रतिशत एवं बिहार में 18 प्रतिशत वैट वहां की सरकार ले रही है। इस कारण झारखंड में बंगाल एवं बिहार से डीजल का मूल्य प्रति लीटर 1ः25 रुपए अधिक है। उन्होंने कहा कि संघ अब वैट के खिलाफ आर-पार की लड़ाई लड़ेगी। महासचिव शरत दुदानी ने कहा कि झारखंड में डीजल पर अधिक वैट लगाये जाने के कारण यहां के पंप बंद होने के कगार पर पहुंच गए हैं। उपाध्यक्ष कमल सिंह ने कहा कि इसके लिए बड़े आंदोलन करने की जरूरत है और ये तभी संभव है जब पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन एवं झारखंड टैंकर आॅनर एसोसिएशन मिल कर आंदोलन करे। मौके पर उत्पल मुखर्जी, मासूम परवेज, जितेंद्र सिंह, सदन शर्मा, मोहम्मद अफजल, श्याम कुमार, देव कुमार दत्ता, गौरी शंकर जैन, संजीव उपाध्याय, प्राण सिंह, सुभाष सिंह, प्रवीण आदि थे।