बेतला | बरवाडीह प्रखंड के बेतला पंचायत के ग्राम कुटम के हरिजन टोला में तीन चापानल खराब होने के कारण टोले के ग्रामीणों के समक्ष पेयजल संकट उत्पन्न हो गया है। इस संबंध में गुजा भुइयां, संजय भुइयां, नगीना भुइयां, पानो कुंवर, सोमरी मसोमात समेत कई ग्रामीणों ने बताया कि चापानल खराब हो जाने से हमलोग को 100 फीट दूर के एक कुआं से पीने का पानी लाना पड़ रहा है। पेयजल संकट का आलम यह है कि सुबह से ही कुआं से पानी भरने के लिए लोगों की भीड़ लग जाती है। ग्रामीण बताते हैं कि गर्मी अधिक पडऩे के कारण कुआं का भी जलस्तर नीचे चला गया है। इस टोले में करीब 400 परिवार रहते हैं। बता दें कि चापानल पिछले तीन महीने से खराब है। खराब चापानल की मरम्मत कराने के लिए ग्रामीणों ने जिले के उपायुक्त से गुहार लगाई है।