साल से बंद पड़ा है मापतौल विभाग, दुकानदार परेशान
लातेहार | जिला मुख्यालय में एक साल से मापतौल कार्यालय बंद रहने से दुकानदारों को काफी परेशानी हो रही है। रोजाना चार से पांच लोग कार्यालय का चक्कर लगाकर बिना काम कराए ही वापस घर लौटने को विवश हो रहे हैं। लातेहार में मापतौल के पदाधिकारी नहीं रहने के कारण मापतौल विभाग बनने के बाद भी एक बार भी नहीं खुला है। जानकारी के अनुसार मापतौल विभाग की ओर से चपरासी नियुक्त किए गए हैं, लेकिन वे कार्यालय में न बैठकर मनमाने जगह पर बैठकर मनमाने तरीके से काम करते हैं। इसके बावजूद जिला प्रशासन कुंभकर्णी निंद्रा में सो रही है। लातेहार जिले के बरवाडीह के दुकानदार महेश प्रसाद, नितेश कुमार, बालूमाथ के अशोक कुमार, दिलीप कुमार, लातेहार के नंदू प्रसाद, राजू प्रसाद, संतोष प्रसाद, आशीष कुमार ने बताया कि मापतौल कार्यालय में दस बार चक्कर लगाकर थक चुके हैं, लेकिन एक बार भी कार्यालय खुला हुआ नहीं पाया गया। इससे हमलोगों को काफी परेशानी हो रही है। दुकानदारों ने कहा कि कार्यालय नहीं खुलने से कई लोग अपने बटखरा का नवीकरण नहीं करा सके हैं। दुकानदारों ने उपायुक्त राजीव कुमार से नियमित कार्यालय खुलवाने की मांग की है।