आवास नहीं मिलने पर मुखिया के विरुद्ध डीसी से की शिकायत
लातेहार | जिले के बरवाडीह प्रखंड के बेतला ग्राम निवासी मो. हनीफ ने उपायुक्त को आवेदन सौंपकर प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की गुहार लगाई है। सौंपे गए आवेदन में लाभुक मो. हनीफ ने बताया है कि मैं अत्यंत गरीब परिवार से आता हूं। मेरा नाम ईसीएस डाटा में अंकित है, जिसका क्रमांक 296 है। लेकिन, मुखिया द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के एवज में बार-बार पैसा की मांग की जाती है। मुखिया द्वारा कहा जाता है कि पैसा दोगे तभी तुम्हें आवास मिलेगा। राशि नहीं दिए जाने के कारण आज तक मुखिया द्वारा मुझे प्रधानमंत्री आवास नहीं दिया गया। मो. हनीफ ने डीसी को बताया है कि मेरे डाटा क्रमांक के नीचे वाले अन्य लोगों को आवास का आवंटन कर दिया गया है। मैंने मुखिया को नेट की डाटा सूची भी उपलब्ध करा दी है, बावजूद इसके मुखिया बराबर टालमटोल की नीति अपना रहे हैं। मो. हनीफ ने उपायुक्त से मामले की जांच कर शीघ्र आवास दिलाने की मांग की है। गौरतलब हो कि बरवाडीह प्रखंड के बेतला समेत अन्य पंचायतों में पीएम आवास में भारी गड़बड़ी की गई है।