लक्ष्य के आधे भी नहीं बने पीएम आवास, 15 जून तक करना है पूरा
लातेहार उपायुक्त राजीव कुमार ने बुधवार को बरवाडीह प्रखंड कार्यालय के कौशल भवन में पीएम आवास को लेकर प्रखंड के सभी मुखिया के साथ बैठक की। उपायुक्त ने कहा कि पीएम आवास निर्माण का लक्ष्य पूरा करने में बरवाडीह प्रखंड गारू से भी पीछे है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2016-17 में बरवाडीह को 1759 पीएम आवास दिया गया है, जिसमें अभी तक आधा भी नहीं बना है। जबकि 15 जून तक सभी को पूर्ण करना है। उन्होंने कहा कि मैं किसी को कुछ नहीं बोल रहा हूं और न ही बोलूंगा। मुझे वर्ष 2016-17 के कुल पीएम आवास 15 जून तक किसी भी हाल में पूरा चाहिए। मैं 16 जून को किसी की कोई समस्या नहीं सुनूंगा। सभी पर सीधी कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि आप मुखिया जैसे वोट समय परेशान रहते हैं। अगर उसी तरह 10 दिन पीएम आवास के लिए परेशान हुए होते तो अगले चुनाव में आपको परेशान नहीं होना पड़ेगा, बल्कि लोग खुद-ब-खुद आपको वोट देकर फिर से मुखिया बनाएंगे। बैठक के दौरान डीसी ने गारू निवासी सुंदर सिंह की तारीफ करते हुए कहा कि सुंदर सिंह ने खुद से ईंट पाथ कर अपने आवास को पूरा किया है। उनके जैसा पीएम आवास पूरे जिले में नहीं है। उन्होंने कहा कि बरवाडीह में मुझे अभी तक एक भी ऐसा लाभुक नहीं मिला है, जिसने खुद से ईंट तैयार कर अपना आवास पूरा किया हो। मौके पर प्रखंड प्रमुख सुशीला देवी, बीडीओ दिनेश कुमार, सीडीपीओ माया रानी, बीईईओ कमलेश कुमार सिंह, मुखिया सुनीता टोप्पो, जिलेवा देवी, रानी सिंह, बेरोनिका एक्का, मुंद्रिका सिंह, संजय सिंह, भुनेश्वर सिंह समेत सभी प्रखंड के मुखिया एवं पंचायत सेवक मौजूद थे।
गणेशपुर व लात के पंचायत सेवक को निलंबित करने का आदेश : बैठक में गणेशपुर व लात पंचायत के पंचायत सेवक बालमुकुंद उरांव के नहीं आने पर डीसी ने बीडीओ से पूछा कि वह क्यों नहीं आए, क्या आपने उन्हें सूचना नहीं दी थी? इसपर बीडीओ ने कहा कि सभी को सूचित किया गया था। वह कभी बैठक में नहीं आता है, जिसके लिए मैंने उसपर शो-कॉज भी किया है। इसपर डीसी ने कहा कि अगर उसकी यह हालत है तो उसपर तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे निलंबित करो। जो काम नहीं करेगा, उसे काम से छुट्टी दे दो, ताकि वह आराम से घर बैठा रहे।
आवास को लेकर बरवाडीह के मुखिया के साथ बैठक करते डीसी राजीव कुमार।