गुरुवार की देर शाम बरवाडीह रेलवे क्लब में पहली बार ट्रैक मेंटेनर के सेफ्टी सेमिनार का आयोजन आरकेटीए के बैनर तले किया गया। इसमें ट्रैक मेंटेनरों ने कार्यक्रम के पूर्व गाजे-बाजे के साथ स्टेशन से जुलूस निकाला, जो पीडब्लूआई ऑफिस, बाबा चौक होते हुए कार्यक्रम स्थल रेलवे क्लब में जाकर समाप्त हुआ। सेमिनार का उद्घाटन ईसीआरकेयू के पूर्व केंद्रीय सहायक मंत्री संतोष तिवारी, आरकेटीए के महामंत्री राजेश कुमार मुगलसराय से आये यूनियन के उपाध्यक्ष एकलव्य कुमार ने संयुक्त रूप से किया। सेफ्टी सेमिनार के दौरान विभिन्न स्टेशनों से भाग लेने आये अधिकांश ट्रैक मेंटेनर ने अपने अधिकारियों पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और उनके हक का हनन करने का आरोप लगाया। सेमिनार में पूर्व केंद्रीय महामंत्री संतोष तिवारी ने कहा कि अब ट्रैक मेंटेनर का शोषण किसी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उनके हक के आवाज को दबाना किसी के लिए भी अब नामुमकिन होगा, क्योंकि अब सभी ट्रैक मेंटेनर अपने ऊपर हो रहे शोषण के खिलाफ लडऩे के लिए एकजुट हो चुके हैं।
इस दौरान आरकेटीए के महामंत्री राजेश कुमार ने कहा कि हम कर्मी को दबा हुआ समझकर अधिकारी के साथ-साथ सत्ताधारी यूनियन के पदाधिकारी का लगातार शोषण करते आ रहे हैं, जिसके खिलाफ अब आंदोलन का आगाज हो चुका है, इसलिए अब ट्रैक मेंटेनर को दबा हुआ और दबाने की कोई भूल न करे तथा शोषण करनेवाले अधिकारियों के खिलाफ अब उनकी आवाज से आंदोलन होगा। दूसरी ओर, मुगलसराय से आये उपाध्यक्ष एकलव्य कुमार ने कहा कि ट्रैक मेंटेनर को अन्य रेलकर्मियों की तरह सुविधा और सम्मान नहीं मिलता, जबकि रेलवे के लिए सबसे अधिक शहादत ट्रैक मेंटेनर ने ही दी है और अब उनके शहादत और सम्मान की लड़ाई लड़ी जाएगी तथा सेक्शन में काम करनेवाले हर कर्मियों को वह सुविधा मिलेगी, जो अन्य रेलवेकर्मी को मिलती है और अगर किसी भी ट्रैक मेंटेनर का हक और सम्मान का हनन हुआ तो फिर आरकेटीए उग्र आंदोलन करेगी। मौके पर ईसीआरकेयू के शाखा सचिव एसएस यादव, सुनील कुमार, रेणुकूट संजीव कुमार, प्रवीण कुमार लातेहार, उपेंद्र कुमार, धर्मेंद्र कुमार, राजू कुमार, मनीष मिश्रा, उपेंद्र कुमार समेत कई ट्रैक मेंटेनर मौजूद थे।
बरवाडीह रेलवे क्लब में सेफ्टी सेमिनार का हुआ आयोजन, कहा-शोषण के खिलाफ हो चुके हैं एकजुट
बरवाडीह में सेमिनार में मौजूद ट्रैक मेंटेनर।