विभिन्न मांगों को लेकर रनिंग स्टाफ ने मनाया ब्लैक डे
बरवाडीह में काला बिल्ला लगाकर काम करते रनिंग स्टाफ।
भास्कर न्यूज | बरवाडीह
एलरसा के केंद्रीय कार्यकारिणी के निर्देश पर विभिन्न मांगों को लेकर रनिंग स्टाफ का दो दिवसीय ब्लैक डे शुरू हो गया है। इसके तहत मंगलवार को बरवाडीह क्रू में पदस्थापित रनिंग स्टाफ ने काला बिल्ला लगाकर विरोध दर्ज कराते हुए काम किया। एलरसा के शाखा सचिव सुनील कुमार सिंह ने बताया कि सातवें वेतन के लागू हुए दो साल होने के बाद भी रनिंग स्टाफ का किलोमीटर भत्ता तय नहीं हुआ। रेलवे बोर्ड और केंद्र सरकार रनिंग स्टाफ सौतेला व्यवहार कर रही है।
इसे लेकर अपनी मांगों के समर्थन में एलरसा ब्लैक डे के तहत सभी सेक्शन में काला बिल्ला लगाकर काम कर रही है। अगर मांगों पर विचार नहीं हुआ तो आंदोलन को और बड़ा रूप दिया जाएगा। रनिंग स्टाफ अपनी मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन काला दिवस के रूप में मनाएंगे। मौके पर एसके सिंह, डीके पांडे, रंजीत कुमार सिंह, आरके पांडेय समेत काफी संख्या में रनिंग स्टाफ उपस्थित थे।