‘सामाजिक बुराइयों के खिलाफ भी मोर्चा संभालें पूर्व सैनिक’
बहबलपुर स्थित सुप्रीम पब्लिक स्कूल के प्रांगण में शनिवार को आजाद हिंद फौज के स्थापना दिवस पर पूर्व सैनिक सेवा परिषद की ओर से एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
इस दौरान सेना के कई पूर्व अधिकारियों की अगुवाई में जिले भर से शहीदों, स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों व सेवानिवृत सैनिकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व सैनिक परिषद के संगठन मंत्री विजय कुमार बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे, जबकि मुख्य वक्ता ब्रिगेडियर राज बहादुर शर्मा थे। अध्यक्षता जींद विश्वविद्यालय के पूर्व उपकुलपति मेजर जनरल डॉ.रणदीप सिंह ने की जबकि कौशल विकास बोर्ड के निदेशक नरेश सेलपाड़ विशिष्ठ अतिथि के तौर पर मौजूद रहे। अपने संबोधन में विजय कुमार ने कहा कि बदलते दौर में यह जरुरी हो गया है कि अब बॉर्डर के उस पार बैठे दुश्मनों के साथ-साथ समाज व देश को खोखला करने वाली सामाजिक कुरीतियों व दूसरे प्रकार की खामियों को दूर करने के लिए भी पूर्व सैनिक मोर्चा संभालें।
इस मौके पर सुप्रीम पब्लिक स्कूल की प्राचार्या विनोद पूनिया, श्रवण कुमार सहित काफी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।