मुख्यमंत्री की घोषणाअों के बावजूद नोटिफिकेशन जारी न होने पर रोष
सीआईटीयू से संबंधित आंगनबाड़ी वर्कर एवं हेल्पर्स यूनियन से जुड़ी खंड की आंगनबाड़ी वर्कर्स ने सोमवार को सीडीपीओ कार्यालय में सीडीपीओ सीमा बतरा को महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से मांग की है कि मुख्यमंत्री द्वारा आंगनबाड़ी वर्कर्स व हेल्पर्स की वेतन बढ़ोतरी व अन्य मांगों की घोषणाएं की गई थी।
इनमें वर्कर्स को आउटसोर्स पालिसी 1 में डालकर पीएफ व ईपीएफ के तहत कवर दिया जाना, काम के दौरान मृत्यु पर वर्कर्स व हेल्पर्स के आश्रितों को कम से कम 3 लाख रुपए मुआवजा मिलने, आंगनबाड़ी केंद्रों का बड़े शहरों में भवनों के लिए 5 हजार रुपए व छोटे शहरों में बने केंद्रों का किराया 3 हजार रुपए व गांवों में बने केंद्रों का किराया 750 रुपए किया जाने के साथ ही वर्कर्स व हेल्पर्स को साल में 15 दिन का अवकाश दिए जाने जैसे मुद्दे शामिल थे।
सीएम द्वारा की गई घोषणाओं को लेकर आज तक सरकार का नोटिफिकेशन जारी नहीं हुआ है। इसे लेकर आंगनबाड़ी वर्कर्स व हेल्पर्स में काफी रोष है। आंगनबाड़ी वर्कर्स ने मांग की है कि विभाग मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा की गई घोषणाओं का नोटिफिकेशन जारी कर तुरंत लाभ देने की दिशा में काम करे।