मान्यता नियम सरलीकरण का वादा कर जारी किए बंद करने के नोटिस
प्राइवेट स्कूल संघ की बैठक संघ के प्रदेश अध्यक्ष सत्यवान कुंडू की अध्यक्षता में सोमवार को भारती विद्या मंदिर स्कूल में हुई। इस दौरान उपस्थित स्कूल संचालकों ने प्राइवेट स्कूलों से जुड़े मुद्दों पर विचार विमर्श करते हुए आगामी आंदोलन का ऐलान किया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी 20 अप्रैल को प्रदेश की भाजपा सरकार की वादाखिलाफी के विरोध में प्राइवेट स्कूल संचालक प्रदर्शन करते हुए उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपेंगे। वहीं इस दिन सभी स्कूल संचालक अपने शिक्षण संस्थानों को बंद रखेंगे। संघ के प्रदेशाध्यक्ष व जिला अध्यक्ष ईश्वर इन्सां ने कहा कि भाजपा के घोषणा पत्र में चुनाव पूर्व मान्यता नियमों में सरलीकरण करके मान्यता देने का वादा किया था लेकिन अब स्कूलों को बंद करने के नोटिस जारी किए गए हैं। उक्त ज्ञापन में एग्जस्टिंग सूची जारी करवाने, जमीन व भवन के नियम में सरलीकरण करने, गैर मान्यता प्राप्त स्कूलों को एक कमरा एक कक्षा के हिसाब से मान्यता देने, 134ए के तहत 2300 रुपए मासिक फीस देने, बसों का टैक्स माफ करने की मांगे की जाएंगी। बैठक में निजी स्कूल संघ के शहरी अध्यक्ष महेंद्र पूनिया, साधुराम जाखड़, अनिल रापडिय़ा, राजेश बूरा, संजीव सिंगला, नवीन महता, नरेंद्र सेठी, विरेंद्र दुहन, राजबीर, होशियार सिंह, धर्मवीर, अजीत यादव, मेनपाल सोनी आदि थे।