खानबहादुर में किरयाना दुकानदार की हत्या के आरोपी रिमांड पर
गांव ढाणी खानबहादुर के बुजुर्ग भले राम की पिटाई कर उसे जान से मारने के आरोपितों को पुलिस ने दो दिन के रिमांड पर लिया है। इससे पहले पुलिस ने बुधवार को गांव सरसौद निवासी मनजीत, गांव बधावड़ निवासी शरणदीप उर्फ काला व दिलबाग उर्फ अज्जू को अदालत में पेश किया। थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार ने बताया कि रिमांड के दौरान पुलिस आरोपितों से वारदात स्थल की निशानदेही, वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार व गाडिय़ां बरामद करेगी।
यही नहीं पुलिस आरोपितों से वारदात में शामिल अन्य लोगों की पहचान व उनके ठिकानों की भी पड़ताल करेगी। उल्लेखनीय है किरयाणे की दुकान चलाने वाले भले राम की हत्या के आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों व ग्रामीणों ने भले राम के शव का दो दिन तक अंतिम संस्कार नहीं किया था व धरना लगाकर बैठ गए थे। बाद में एसडीएम व डीएसपी के आश्वासन के बाद ग्रामीण भले राम का अंतिम संस्कार करने पर राजी हुए थे। भले राम के साथ शराब ठेकेदारों द्वारा की गई वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। इसी आधार पर पुलिस ने आरोपितों को गिरफ्तार किया था।