गली का लेवल ठीक करने की मांग को लेकर धरने पर बैठे वार्ड 16 के निवासी
बरवाला| शहर के वार्ड 16 में नगर पालिका द्वारा बनाई जा रही गली के निर्माण को ठीक करने की मांग को लेकर क्षेत्रवासियों ने मंगलवार को एसडीएम कार्यालय के समक्ष धरना लगाया। मामला संज्ञान में आने के बाद एसडीएम पृथ्वी सिंह ने मौके पर जाकर मुआयना भी किया। क्षेत्रवासियों ने बताया कि उनके क्षेत्र में बसाऊ मार्केट वाली गली का निर्माण कार्य नगर पालिका के ठेकेदार द्वारा गलत ढंग से करवाया जा रहा है। जिस ढंग से कार्य हो रहा है इसके चलते कई मकान नीचे हो जाएंगे। क्षेत्रवासियों ने मामले के संबंध में मामले के संबंध में सीएम विंडो सहित उच्चाधिकारियों को भी शिकायत की हुई है। क्षेत्रवासियों ने कहा कि प्रदेश सरकार के मंत्री डॉ.बनवारी लाल ने गली का निर्माण कार्य रोकने के आदेश भी दिए थे लेकिन प्रशासन कोई सुनवाई नहीं कर रहा है। मौके पर पहुंचे एसडीएम पृथ्वी सिंह ने क्षेत्रवासियों को आश्वासन दिया है कि गली के निर्माण को लेकर इसकी तकनीकी जांच करवा कर उचित कार्रवाई की जाएगी।